खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड के झंझरा गांव का बेटा मनीष कुमार ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के केंद्रीकृत भर्ती बोर्ड परीक्षा में 95वां रैंक हासिल कर वैज्ञानिक/अभियंता एससी (मेकेनिकल) के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
एक किसान के बेटे मनीष कुमार के पिता राजू शर्मा और माता आशा देवी ने बेटे के इस मुकाम तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। बचपन से ही मेधावी रहे मनीष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही पूरी की और आगे की पढ़ाई के लिए पटना गए।
बता दे कि तीन महीने पहले मनीष का चयन भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) में लेवल 10 गजेटेड अधिकारी के पद पर भी हुआ था। वर्तमान में वे भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) में डिप्टी इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में रिसर्च फेलो के पद पर भी एक साल कार्य कर चुके हैं।
मनीष कुमार के इसरो में वैज्ञानिक बनने पर उनके नानाजी बिंदेश्वरी प्रसाद शर्मा, मामा नवल किशोर शर्मा, डेविड शर्मा, आशीष रंजन, बहन कोमल कुमारी, अभिमन्यु, प्रभास सहित ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें बधाई दी है।
रिपोर्ट- अमित कुमार