Bihar News : सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की जांच के बीच 5 थानों की टीम ने ज्वेलरी दुकान पर मारा छापा, मचा हड़कंप
Bihar News : सारण में चोरी और लूट की वारदातों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लिया है। इसी कड़ी में कुल पांच थानों की पुलिस टीम ने दाउदपुर थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित उत्तम ज्वेल्स पर छापेमारी की।
CHAPRA : चोरी और लूट की घटनाओं की जांच के तार दाउदपुर बाजार की एक ज्वेलरी दुकान तक पहुंचने के बाद रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीपीओ सदर- 2 प्रेमचंद्र सिंह के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस टीम ने दाउदपुर थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित उत्तम ज्वेल्स में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर चोरी के कुछ आभूषण बरामद होने की चर्चा है। वहीं, दुकान के संचालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की भी सूचना सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक बरामदगी और दुकानदार की भूमिका को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
दो आरोपितों से पूछताछ के बाद पहुंची पुलिस टीम
मिली जानकारी के अनुसार, सारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी और लूट की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया था। उनसे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और कथित तौर पर उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम दाउदपुर बाजार पहुंची। इसके बाद सब्जी मंडी के समीप स्थित उत्तम ज्वेलर्स में तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई में पांच थानों की पुलिस के शामिल होने से बाजार में छापेमारी को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ गई।
छापेमारी की खबर से बाजार में मची हलचल
दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में पुलिसिया कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। बाजार में तरह- तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। चोरी के आभूषणों की बरामदगी की बात सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई। हालांकि, बरामद आभूषणों की वास्तविक संख्या, उनकी अनुमानित कीमत और किन घटनाओं से उनका संबंध है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
पुलिस की यह कार्रवाई जिले में हुई चोरी और लूट की घटनाओं की जांच के सिलसिले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल, दुकान संचालक की कथित भूमिका और बरामद आभूषणों के स्रोत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही हो सकेगी। मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट