छपरा के जलालपुर में 30 वर्षीय अज्ञात युवक का संदेहास्पद स्थिति में मिला शव : दिल्ली से लौटा था मृतक, जांच में जुटी पुलिस

छपरा के जलालपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की लाश बरामद हुई है। पुलिस द्वारा आशंका जताई जा रही है कि हत्या कही और कर लाश को इलाके में लाकर फेंक दिया गया है। फिलहाल पुलिस मृतक पहचान और मामले की जांच मे जुटी है....

छपरा के जलालपुर में 30 वर्षीय अज्ञात युवक का संदेहास्पद स्थि
छपरा के जलालपुर में 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुबौलिया और कला गरमिया चौरा के बीच एक करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।


पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर, कोपा और बनियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही सदर एसडीपीओ प्रेमचंद सिंह, एडिशनल एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गहन छानबीन के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।


दिल्ली से छपरा आया था युवक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक युवक दिल्ली से छपरा के लिए रवाना हुआ था और बीती रात ही छपरा स्टेशन पर उतरा था। हालांकि, वह जलालपुर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक की जेब से एक ट्रेन का टिकट और करीब 28 रुपये नकद बरामद हुए हैं, जिसके जरिए पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।


वाहन से चीखने की आवाज का दावा

कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11:45 बजे इस रास्ते से एक वाहन गुजर रहा था, जिससे कथित तौर पर किसी व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी। पुलिस इस जानकारी को भी जांच का एक अहम एंगल मानकर चल रही है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि रात के समय संदिग्ध वाहनों और लोगों की गतिविधियों का सुराग मिल सके। पुलिस हत्या कर शव को कहीं और से लाकर फेंके जाने सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।


धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट