छह महीने पहले धूमधाम से डोली में विदा हुई थी खुशी, नवरात्र में उठी अर्थी ... छपरा में संदिग्ध मौत से मचा कोहराम

खुशी की शादी पांच मई 2026 को गणौरा गांव निवासी स्वर्गीय भगोरन राय के पुत्र मनीष राय के साथ हिंदू रीति- रिवाज से हुई थी। शादी के महज छह महीने के भीतर उसकी संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Chhapra Newlywed Woman Dies
Chhapra Newlywed Woman Dies- फोटो : news4nation

Bihar News :  जिस बेटी को छह महीने पहले माता- पिता ने धूमधाम से डोली में विदा किया था, उसी की मौत की खबर ने नवरात्र के पहले ही दिन परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घर- आंगन में गूंजने वाली किलकारियों और नई जिंदगी के सपनों की जगह अब अपनों की चीख- पुकार है। सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणौरा हुस्सेपुर गांव में 25 वर्षीय नवविवाहिता खुशी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्या और आत्महत्या के बीच उलझे इस मामले की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी है।


मृतका की पहचान गड़खा थाना क्षेत्र के मीठेपुर गांव निवासी मुंद्रिका राय की पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार की रात करीब 12 बजे अगुआ कृष्णा राय के माध्यम से उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार की सुबह दौड़े - दौड़े मायके पक्ष के लोग बेटी के ससुराल गणौरा गांव पहुंचे। वहां खुशी का शव पलंग पर पड़ा मिला। परिजनों के मुताबिक, पलंग पर रस्सी भी बंधी हुई थी। इससे फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।


पांच मई को हुई थी खुशी की शादी

खुशी की शादी पांच मई 2026 को गणौरा गांव निवासी स्वर्गीय भगोरन राय के पुत्र मनीष राय के साथ हिंदू रीति- रिवाज से हुई थी। शादी के महज छह महीने के भीतर उसकी संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बेटी को माता- पिता ने नई जिंदगी की शुरुआत के लिए विदा किया था, उसकी असमय मौत से मायके में मातम पसरा है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय अमनौर थाने के थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।


एक हिरासत में  

एसडीपीओ मढ़ौरा सुबेंद्र प्रसाद ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि कमरे को पूरी तरह से सुरक्षित रखा गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। ससुराल पक्ष से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। खुशी की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट