छपरा में राहत सामग्री ही बन गई मौत की वजह, सेना के हेलिकॉप्टर से गिराई गई सामग्री सिर पर गिरने से 65 वर्षीय बाढ़ पीड़ित की गई जान

छपरा जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बाढ़ पीड़ितों के बीच सेना के हेलिकॉप्टर से गिराई जा रही राहत सामग्री की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई है। घटना के बाद परिजनों में पसरा मातम और बाढ़ पीड़ितों में भय का माहौल व्याप्त है.....

छपरा में राहत सामग्री ही बन गई मौत की वजह, सेना के हेलिकॉप्ट
छपरा में राहत सामग्री ही बन गई मौत की वजह- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : जिले के अमनौर प्रखंड अंतर्गत परशुरामपुर गांव में बाढ़ राहत कार्य के दौरान एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। बांध पर शरण लिए बाढ़ पीड़ितों के बीच सेना के हेलिकॉप्टर से गिराई जा रही राहत सामग्री की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस अनहोनी के बाद मौके पर मौजूद बाढ़ पीड़ितों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।


राहत सामग्री का भारी पैकेट सिर पर गिरने से बुजुर्ग की मौके पर मौत

मृतक की पहचान परशुरामपुर निवासी स्व. बृज किशोर सिंह के 65 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार सिंह उर्फ अप्पू सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाढ़ का पानी घरों में घुसने के बाद वे बांध पर शरण लिए हुए थे। हेलिकॉप्टर से सूखा राशन गिराए जाने के दौरान वे सामग्री लेने आगे बढ़े, तभी ऊपर से गिरा भारी पैकेट सीधे उनके सिर पर आ गिरा। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सिर में घातक चोट लगने से वृद्ध की तत्काल मृत्यु हो गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही सदर अनुमंडल के भूमि उप समाहर्ता (DCLR) आलोक राज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।


इस हृदय विदारक हादसे के बाद राहत सामग्री वितरण के दौरान दोबारा ऐसी घटना ने घटित हो जाए लोगों मे इसकी चिंता व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले शरण स्थलों पर बिना किसी पूर्व चेतावनी या सुरक्षित घेराबंदी के ऊंचाई से भारी पैकेट गिराना बेहद जोखिमभरा है। लोगों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षित वितरण प्रणाली अपनाने की मांग की है।


परिजनों में पसरा मातम, बाढ़ पीड़ितों में भय का माहौल

बाढ़ की विभीषिका के बीच अचानक हुई इस अनहोनी से मृतक अनिल कुमार सिंह के परिवार में कोहराम मच गया है। एक तरफ जहां पूरा इलाका जलप्रलय की त्रासदी झेल रहा है, वहीं दूसरी ओर राहत पाने की उम्मीद में हुई इस मौत ने अन्य शरणार्थियों को भी दहशत में डाल दिया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को तुरंत उचित मुआवजा देने की मांग की है।


धर्मेन्द्र की रिपोर्ट