Bihar Road Accident: सड़क पर आई नीलगाय से भिड़ी बाइक,एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

Bihar Road Accident: तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई,

Bihar Road Accident
रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: सारण जिले के नगरा थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कादीपुर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में नीलगाय की भी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के चकसरफ गांव निवासी सुभाष मांझी के 25 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीष इन दिनों अपने नाना चन्देश्वर मांझी के घर अफौर में रह रहा था। वहीं हादसे में घायल युवक की पहचान अफौर गांव निवासी राम अयोध्या सिंह के 26 वर्षीय पुत्र चुन्नू सिंह के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से अफौर गांव से नगरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कादीपुर पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक को संभलने या ब्रेक लगाने का पर्याप्त मौका नहीं मिला।देखते ही देखते बाइक नीलगाय से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं नीलगाय ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल नगरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सीएचसी में चिकित्सकों ने मनीष कुमार की जांच की, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं चुन्नू सिंह की स्थिति भी गंभीर बताई गई।प्राथमिक उपचार के बाद चुन्नू सिंह को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस और परिजन घायल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।मनीष कुमार की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

नगरा थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया है। पुलिस हादसे से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।नगरा थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक पुलिस कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद सड़क पर नीलगाय की मौजूदगी भी गंभीर सवाल खड़े करती है। ग्रामीण इलाकों में अचानक सड़क पर वन्यजीव या मवेशियों के आ जाने से ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है।फिलहाल पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी है, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। तेज रफ्तार और अचानक सड़क पर आई नीलगाय के इस खौफनाक टकराव ने एक युवक की जान ले ली और दूसरे को अस्पताल पहुंचा दिया।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी