Bihar Crime: सारण में खूनी टकराव से सनसनी, चाकूबाजी में 3 की मौत, SIT ने संभाली जांच
Bihar Crime: दो पक्षों के बीच हुए खूनी टकराव ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी...
Bihar Crime: सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी टकराव ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। चाकूबाजी की इस वारदात में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल का इलाज पटना में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सारण प्रक्षेत्र के डीआईजी निलेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में दो पक्षों के बीच चाकूबाजी की बात सामने आई है। इस खूनी संघर्ष में तीन लोगों की जान गई है, जबकि एक घायल व्यक्ति का पटना में इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में करीब ढाई महीने पुराने विवाद की कड़ी भी सामने आई है। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद या मारपीट हुई थी। पुलिस इस पुराने रंजिश को मौजूदा वारदात से जोड़कर देख रही है। इसके अलावा फोन पर हुई कथित बहस को भी तत्काल विवाद की वजह के तौर पर जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि वारदात की असली वजह क्या थी, इसका अंतिम खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। टीम वारदात के हर पहलू की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ शुरू की है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।डीआईजी निलेश कुमार ने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पुराने विवाद, फोन पर हुई बहस और मौके पर हुए टकराव के बीच कड़ी जोड़ने में जुटी है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तफ्तीश में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी