Bihar News : सारण में तालाब में डूबने से हुई तीन दोस्तों की मौत, एक साथ उठीं अर्थियां, लोगों की नम हुई आँखें

Bihar News : सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की पोखर में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : सारण में तालाब में डूबने से हुई तीन दोस्तों की
तीन दोस्तों की मौत - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा गांव में सोमवार की देर शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पोखर में डूबने से तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिव्यांशु कुमार (17 वर्ष), अंशु सिंह (16 वर्ष) और नवनीत सिंह (16 वर्ष) के रूप में की गई है। तीनों आपस में गहरे मित्र थे और एक ही विद्यालय में साथ पढ़ाई करते थे। इस हादसे की खबर सामने आते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त सोमवार को कोचिंग पढ़कर घर लौटे थे, जिसके बाद वे गांव के ही एक पोखर में स्नान करने चले गए। जब देर शाम तक तीनों अपने-अपने घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी चिंता में तलाश शुरू की। ग्रामीणों द्वारा पोखर के पास उनके जाने की बात कहे जाने पर परिजनों ने वहां खोजबीन आरंभ की। इसी दौरान पोखर के पानी में एक किशोर का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दी गई, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ एसडीआरएफ (SDRF) की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक चले गहन तलाशी अभियान के दौरान दो किशोरों के शवों को पानी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीसरे किशोर की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान मंगलवार सुबह तक जारी रहा। कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार की सुबह तीसरे किशोर का शव भी बरामद कर लिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम कराने के उपरांत उन्हें परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही तीनों दोस्तों के पार्थिव शरीर गांव पहुंचे, परिजनों के चीत्कार से पूरा वातावरण गमगीन हो उठा। मंगलवार को जब तीनों मासूमों की अर्थियां एक साथ उठीं, तो वहां मौजूद हर ग्रामीण की आंखें छलक पड़ीं। जिन गलियों से तीनों रोज हंसते-खेलते स्कूल और कोचिंग जाया करते थे, उन्हीं गलियों से उनकी अंतिम यात्रा निकली। तीन होनहार किशोरों की एक साथ हुई आकस्मिक मृत्यु से पिपरा गांव में गहरा मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने तीन हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दी हैं। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र के लोग इस अप्रत्याशित क्षति से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट