CRPF Shaurya Diwas: जवानों के पराक्रम को सलाम, शौर्य दिवस पर CRPF 47वीं वाहिनी ने याद किए बलिदान, कमांडेंट अवधेश कुमार ने किया शहीदों को नमन
CRPF Shaurya Diwas: गया में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 47वीं वाहिनी द्वारा शौर्य दिवस पूरे जज़्बे और अकीदत के साथ मनाया गया।
CRPF Shaurya Diwas: गया में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 47वीं वाहिनी द्वारा शौर्य दिवस पूरे जज़्बे और अकीदत के साथ मनाया गया। जेल परिसर स्थित मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में वीरता, बलिदान और देशभक्ति की अनोखी मिसाल देखने को मिली। जवानों ने अपने शहीद साथियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस को याद किया।
कार्यक्रम की अगुवाई कमांडेंट अवधेश कुमार ने की। उन्होंने बटालियन क्वार्टर गार्ड पर सलामी लेते हुए शहीद जवानों को नमन किया और कहा कि उनका बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
अपने संबोधन में कमांडेंट अवधेश कुमार ने 9 अप्रैल 1965 के उस ऐतिहासिक दिन को याद किया, जब गुजरात के कच्छ क्षेत्र स्थित सरदार पोस्ट पर तैनात CRPF की एक छोटी टुकड़ी ने दुश्मन के हजारों सैनिकों का डटकर मुकाबला किया था। सीमित संसाधनों और कम संख्या के बावजूद जवानों ने ऐसा पराक्रम दिखाया, जिसने दुश्मनों के हौसले पस्त कर दिए।

इस भीषण संघर्ष में भारतीय जवानों ने 34 दुश्मन सैनिकों को मार गिराया और 4 को जिंदा पकड़ लिया। हालांकि, इस वीरता की कीमत भी चुकानी पड़ी 8 जवान शहीद हो गए और 19 को दुश्मनों ने बंदी बना लिया। इसके बावजूद यह घटना भारतीय सुरक्षा बलों के इतिहास में शौर्य और पराक्रम की अमिट गाथा बन गई।
कार्यक्रम के दौरान सैनिक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने शहीदों की वीरता को याद करते हुए देश सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार समेत कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पूरा माहौल देशभक्ति के जज़्बे से सराबोर रहा, जहां हर दिल से एक ही आवाज उठी शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
रिपोर्ट- राजगीर सिंह