Bihar Fire Accident: आग का तांडव! कबाड़ी गोदाम में उठीं आसमान छूती लपटें, जान बचाने के लिए घर छोड़कर भागे लोग
Bihar Fire Accident: गयाजी में बीती रात आग ने ऐसा खौफनाक मंजर पैदा कर दिया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ...
Bihar Fire Accident: गयाजी में बीती रात आग ने ऐसा खौफनाक मंजर पैदा कर दिया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कबाड़ी के एक गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास रहने वाले लोगों के होश उड़ गए। अपनी जान की सलामती के लिए लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
दरअसल, पूरा मामला गयाजी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंदी माई के समीप का है। यहां स्थित एक कबाड़ी के गोदाम में देर रात अचानक आग लग गई। गोदाम में रखे कबाड़ के सामान के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को अनहोनी का डर सताने लगा और कई परिवार अपने घरों को छोड़कर बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम हरकत में आ गई। आनन-फानन में दमकल की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों तक चले इस ऑपरेशन के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को और अधिक फैलने से रोकने में मदद मिली।
हालांकि, इस भीषण अग्निकांड में आग लगने की वास्तविक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि पटाखे से निकली किसी चिंगारी के कारण गोदाम में आग लगी होगी।इस घटना ने एक बार फिर कबाड़ी गोदामों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिहायशी इलाके के नजदीक इस तरह की आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जाना बाकी है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार