गया में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान परशुराम जयंती, सामाजिक समरसता पर दिया गया जोर

गया जिले के बेलागंज प्रखंड के फतेहपुर गांव में भगवान परशुराम जयंती पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस दौरान युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

गया में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान परशुराम जयंती

Gaya Ji :  में भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। बेलागंज प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में युवाओं द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे शस्त्र और शास्त्र दोनों के ज्ञाता थे, जिन्होंने सनातन धर्म, संस्कृति और संस्कारों की रक्षा के लिए जीवन समर्पित किया।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि भगवान किसी एक जाति विशेष के नहीं, बल्कि पूरी मानव जाति के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने समाज में बढ़ती जातीय विभाजन की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए लोगों से इससे बचने और सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि भगवान परशुराम का अवतार मानव कल्याण और समाज से बुराइयों के नाश के लिए हुआ था। उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज को एकजुट होकर विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

इस मौके पर वक्ताओं ने परशुराम जयंती को आने वाले वर्षों में और भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया। सामाजिक समरसता और एकजुटता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने “जय परशुराम” के गगनचुंबी नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सह ग्रामीण अनिल शर्मा ने की। इस अवसर पर नुनु सिंह, राम विनय सिंह, अमरेंद्र प्रियदर्शी, राजेंद्र राम, तरुण शर्मा, नीतीश राय, अमित कुमार, रमेश शर्मा, टुन्ना शर्मा, रविशंकर कुमार, रंजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।