गया में महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला: ओटी मैनेजर हिरासत में,नौकरी का झांसा देकर बुलाने का आरोप, प्रेमी ने रची हत्या की साजिश?
बिहार के गया में सनसनीखेज वारदात! चंदौती में एक महिला पर दो लोगों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता की निशानदेही पर पुलिस ने मगध मेडिकल कॉलेज के ओटी (OT) मैनेजर वीरेंद्र कुमार को अस्पताल परिसर से ही हिरासत में ले लिया है।
बिहार के गया जिले स्थित चंदौती थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक महिला पर बेखौफ अपराधियों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के बाएं कंधे और दाहिने हाथ की कोहनी के नीचे चाकू के गंभीर घाव आए हैं। घटना के समय महिला चंदौती स्थित बिजली ऑफिस के समीप मौजूद थी, तभी पीछे से आए दो अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
नौकरी का झांसा और साजिश का आरोप
अस्पताल में भर्ती पीड़िता ने पुलिस के समक्ष दिए अपने शुरुआती बयान में मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओटी (OT) मैनेजर वीरेंद्र कुमार पर इस हमले की पूरी साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। मूल रूप से नवादा की रहने वाली और वर्तमान में चंदौती में रह रही पीड़िता पहले एक मॉल में काम करती थी, जहां उसकी पहचान भागलपुर निवासी वीरेंद्र से हुई थी। नौकरी छूटने के बाद आरोपी ने उसे बिजली ऑफिस में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। शुक्रवार को जब महिला बताए गए स्थान पर पहुंची, तो संपर्क करने वाला व्यक्ति वहां नहीं मिला और लौटते वक्त उस पर हमला कर दिया गया।

प्रेम प्रसंग और तीन साल पुराने संबंध का मामला
पुलिस के शुरुआती सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला और आरोपी वीरेंद्र कुमार दोनों पहले से शादीशुदा हैं और पिछले करीब तीन वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी का परिवार वर्ष 2006 से मगध मेडिकल थाना क्षेत्र की मगध कॉलोनी में निवास कर रहा है। नौकरी दिलाने के नाम पर बुलाकर अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस हर पहलू से इस रिश्ते व वारदात के तार जोड़ने में जुटी है।
अस्पताल से आरोपी OT मैनेजर पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस फर्द बयान दर्ज करने अस्पताल पहुंची। महिला द्वारा आरोपी की पहचान और अस्पताल में ही मौजूदगी की जानकारी दिए जाने के तुरंत बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ओटी मैनेजर वीरेंद्र कुमार को अस्पताल परिसर से ही हिरासत में ले लिया। चुकी वारदात चंदौती थाना क्षेत्र की है, इसलिए मेडिकल थाना पुलिस ने पूरी जानकारी और हिरासत में लिए गए आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए चंदौती थाना पुलिस को सौंप दिया है।
पीड़ित परिवार में आक्रोश, आवेदन का इंतजार
घटना के बाद अस्पताल में भर्ती महिला और उसकी बेटी बेहद डरी हुई और आक्रोशित नजर आईं। पीड़िता ने मीडिया से बातचीत में शारीरिक और मानसिक कष्ट का हवाला देते हुए कुछ भी कहने से इनकार कर दिया, वहीं उसकी बेटी भी मां को फिलहाल बयान देने से रोकती दिखी। हालांकि मामले में अभी तक पीड़िता या उसके परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित आवेदन (complaint) समर्पित नहीं किया गया है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वयं मामले की जांच शुरू कर दी है।

तकनीकी जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की संवेदनशीलता पर चंदौती थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम को अस्पताल भेजकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगाल रही है ताकि हमला करने वाले दोनों अज्ञात अपराधियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए ओटी मैनेजर से पूछताछ कर रही है, जिससे जांच के बाद ही हमले की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।
गयाजी से मनोज कुमार की रिपोर्ट