GBM College Gaya: गया के गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की छात्राओं का मोर्चा! जमीन से हॉस्टल तक 10 सूत्री मांगें
GBM College Gaya: गया के गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने कॉलेज की जमीन, भवन, छात्रावास, पेयजल, शौचालय और पीजी पढ़ाई सहित 10 सूत्री मांगें उठाई हैं। छात्राएं बिहार विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन देने की तैयारी में हैं।
GBM College Gaya: गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय, गया की छात्राओं ने कॉलेज की समस्याओं को दूर करने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। छात्राओं की ओर से बिहार विधानसभा अध्यक्ष के नाम ज्ञापन देने की पहल की गई है। इसमें कॉलेज की जमीन, भवन, छात्रावास, पेयजल, शौचालय और पढ़ाई से जुड़ी कई मांगें शामिल हैं।
कॉलेज की जमीन और भवन का मुद्दा
महाविद्यालय की अध्यक्ष वैष्णवी कुमारी ने कहा कि कॉलेज में छात्राओं की संख्या और जरूरतों को देखते हुए सुविधाओं को बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जमीन की कमी और अतिक्रमण के कारण कॉलेज के विकास में परेशानी आ रही है। उन्होंने मांग की कि कॉलेज की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों की जांच कराई जाए और अगर जमीन पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे जल्द खाली कराया जाए। साथ ही कॉलेज के विस्तार और नए भवनों के निर्माण के लिए अतिरिक्त जमीन और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
महिला छात्रावास शुरू करने की मांग
महाविद्यालय की उपाध्यक्ष शिवानी सिंह ने छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल और मूलभूत सुविधाओं की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि कॉलेज में महिला छात्रावास का निर्माण होने के बाद भी उसका सही तरीके से संचालन नहीं हो रहा है। छात्राओं ने छात्रावास को जल्द शुरू करने के साथ-साथ कॉलेज में आरओ प्लांट, साफ और पर्याप्त शौचालय, खेल सामग्री और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू करने की मांग
छात्राओं की एक प्रमुख मांग कॉलेज में स्नातकोत्तर यानी पीजी की पढ़ाई शुरू करना भी है। उनका कहना है कि अगर कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू होती है तो छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे संस्थानों में जाने की जरूरत कम होगी।ज्ञापन में विश्वविद्यालय से लंबित राशि उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है।
क्या हैं छात्राओं की 10 प्रमुख मांगें?
छात्राओं की ओर से रखी गई मांगों में कॉलेज की अतिक्रमित जमीन को मुक्त कराना, अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराना, नए भवनों का निर्माण, महिला छात्रावास शुरू करना, आरओ प्लांट लगाना, पर्याप्त शौचालय बनाना, खेल सुविधाएं बढ़ाना, विश्वविद्यालय से लंबित राशि उपलब्ध कराना और पीजी की पढ़ाई शुरू करना शामिल है। छात्राओं का कहना है कि ये समस्याएं केवल कॉलेज की व्यवस्था से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि यहां पढ़ने वाली छात्राओं की पढ़ाई और भविष्य से भी जुड़ी हैं। इसलिए संबंधित विभाग और अधिकारियों को इन मांगों पर जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
गाया से मनोज कुमार की रिपोर्ट