Gaya liquor: गया पुलिस का बड़ा एक्शन, 341 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

Gaya liquor: गया पुलिस ने इमामगंज थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 341.82 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। वैशाली के एक तस्कर को गिरफ्तार कर कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

Gaya liquor

Gaya liquor: गया जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 341.82 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से शराब से भरी एक कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

गया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान इमामगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक क्रेटा कार से बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी शराब लाई जा रही है।

इमामगंज पुलिस ने वाहन जांच अभियान शुरू किया

सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में इमामगंज थाना पुलिस और अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम ने रानीगंज डीपीएस स्कूल के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर कार चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम राहुल कुमार बताया। वह विनय सिंह का पुत्र है और वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। जांच में कार की डिक्की में बॉक्स के अंदर छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

कौन-कौन शराब बरामद हुए?

पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में 750 एमएल की 120 बोतलें, यानी 10 कार्टन में कुल 90 लीटर शराब मिली। इसके अलावा 375 एमएल की 480 बोतलें, यानी 20 कार्टन में कुल 180 लीटर शराब बरामद हुई। वहीं 180 एमएल की 399 बोतलें, यानी 8 कार्टन में कुल 71.82 लीटर विदेशी शराब मिली। इस तरह पुलिस ने कुल 341.82 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब से भरी कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। मामले में इमामगंज थाना कांड संख्या 280/26, दिनांक 06 अगस्त 2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गया से मनोज की रिपोर्ट