Bihar News : गया पॉक्सो कोर्ट ने दुष्कर्म के आरोपी को सुनाई आजीवन कारावास की सजा, एक लाख रुपये का लगाया जुर्माना

Bihar News : गया पॉक्सो कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के अभियुक्त को प्राकृतिक मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : गया पॉक्सो कोर्ट ने दुष्कर्म के आरोपी को सुनाई
दुष्कर्म की सजा - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गयाजी में नाबालिग से जुड़े पॉक्सो एक्ट के एक मामले में विशेष अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने दोषी अभियुक्त को शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सजा के साथ-साथ दोषी पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला गया जिले के कोच थाना कांड संख्या 24/24 से संबंधित है, जिसे 12 जनवरी 2024 को दर्ज किया गया था। इस मामले में पूर्व की भारतीय दंड संहिता की धारा 354(A), 354(B) और 376(3) के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इस प्रकरण में आरोपी संजय कुमार गुप्ता, पिता गुरु नारायण प्रसाद गुप्ता, निवासी कोचडीह (थाना कोच, जिला गया) के खिलाफ पुलिस ने त्वरित जांच पूरी करते हुए न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश सह पॉक्सो ADJ-07 गया, देव प्रिय कुमार की अदालत में चली।

पुलिस द्वारा दाखिल आरोप पत्र और अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों व गवाहों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया। दोषी करार दिए जाने के बाद न्यायालय ने उसे प्राकृतिक मृत्यु तक आजीवन कारावास और एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। इस मामले में सरकार की ओर से विशेष लोक अभियोजक सह पॉक्सो अभियोजक सुनील कुमार ने प्रभावी तरीके से पक्ष रखा। कानूनी और सामाजिक हलकों में अदालत के इस फैसले को नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले गंभीर अपराधों पर सख्त न्यायिक कार्रवाई की दिशा में एक अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।

मनोज की रिपोर्ट