Bihar News : गया रेल पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, यात्रियों का सामान उड़ाने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत तीन को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया रेल पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, यात्रियों क

GAYAJI : चलती ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की गाढ़ी कमाई और कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले गिरोह के खिलाफ गया रेल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रेल पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के आभूषण और मोबाइल बरामद किए गए हैं।

पहले मामले में, गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर गश्ती के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। शक होने पर जब महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें हिरासत में लिया गया और उनके पास मौजूद सामान की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। उनके पास से चोरी के सोने और चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।

पकड़ी गई दोनों महिला चोरों की पहचान रोहतास जिले की निवासी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि ये महिलाएं पलक झपकते ही यात्रियों के बैग से कीमती जेवरात उड़ाने में माहिर हैं। पुलिस इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है ताकि इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

वहीं, एक अन्य कार्रवाई में रेल पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को रंगे हाथ दबोचा है। गिरफ्तार युवक की पहचान चंदौती थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है। नीरज प्लेटफार्म और ट्रेनों में सो रहे या असावधान यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की फिराक में रहता था। पुलिस ने उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया है। गया रेल पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा। इस कार्रवाई से रेल यात्रियों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान अपने कीमती सामान के प्रति विशेष सावधानी बरतें। 

मनोज की रिपोर्ट