Bihar crime: चोरी के सामान के साथ दो महिलाओं के साथ चार शातिर गिरफ्तार, रेलवे स्टेशन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Bihar crime:रेल यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Bihar crime: चोरी के सामान के साथ दो महिलाओं के साथ चार शाति
चार शातिर गिरफ्तार- फोटो : MANOJ

Gaya: रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त अभियान में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो सोने जैसे पीली धातु के लॉकेट, दो मोबाइल फोन और 5,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब एक लाख पांच हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी की टीम गया रेलवे स्टेशन पर सघन गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक-बी पर दिल्ली छोर की तरफ स्थित पेयजल नल के समीप दो महिलाओं और दो पुरुषों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। चारों एक साथ मौजूद थे और उनकी हरकतों पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ।

इसके बाद संयुक्त टीम ने सभी को रोककर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे समूह बनाकर स्टेशन पर सक्रिय रहते थे और यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर उनके सामान तथा कीमती वस्तुओं पर हाथ साफ करते थे। इसके बाद पुलिस ने चारों की तलाशी ली। तलाशी में लालती देवी के पास से पीली धातु का एक लॉकेट और 600 रुपये नकद मिले। वहीं कैली देवी के पास से एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया। राहुल कुमार के कब्जे से दूसरा पीली धातु का लॉकेट और पांच हजार रुपये नकद मिले, जबकि कैलाश गुप्ता के पास से एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गया जीआरपी थाने को सौंप दिया। इस कार्रवाई से स्टेशन पर सक्रिय चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा है। आरपीएफ ने रेल यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान अपने बैग, मोबाइल, नकदी और आभूषणों को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को दें।

रिपोर्ट- मनोज कुमार