बिहार की बेटियों का अनोखा तोहफा, PM मोदी के लिए तिरंगे वाली राखी, जवानों के लिए 1000 से अधिक बनाई जा रही राखियां

Bihar News: गया की पटवा टोली, जिसे आईआईटियन की नगरी के नाम से जाना जाता है, इस बार रक्षाबंधन पर अपनी खास पहल को लेकर चर्चा में है। ....

Girls Craft Tricolour Rakhi for PM Modi
PM मोदी के लिए तिरंगे वाली राखी- फोटो : reporter

Bihar News: गया की पटवा टोली, जिसे आईआईटियन की नगरी के नाम से जाना जाता है, इस बार रक्षाबंधन पर अपनी खास पहल को लेकर चर्चा में है। यहां आईआईटी, जेईई और नीट की तैयारी कर रही छात्राएं पढ़ाई के साथ देशभक्ति और भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं को राखियों में पिरो रही हैं। छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए तिरंगे वाली विशेष राखी तैयार की है, जबकि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए भारतीय सेना के एंबलम वाली 1000 से अधिक राखियां बनाई जा रही हैं।

पिछले करीब एक सप्ताह से छात्राएं मोतियों, सितारों, नग और रंग-बिरंगे कांच के मोतियों से राखियां तैयार कर रही हैं। उनका कहना है कि सीमा पर तैनात जवान रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर भी देश की सुरक्षा में डटे रहते हैं। कई सैनिक इस दिन अपने परिवार और बहनों से दूर रहते हैं। ऐसे में इन राखियों के जरिए वे सैनिक भाइयों तक अपनापन, सम्मान और बहन के स्नेह का संदेश पहुंचाना चाहती हैं।आईआईटी की तैयारी कर रहीं छात्रा शोभा कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इस बार पहली बार तिरंगे वाली विशेष राखी बनाई गई है। वहीं सैनिकों के लिए भारतीय सेना के एंबलम वाली राखियां तैयार की जा रही हैं। इन राखियों को आकर्षक बनाने के लिए रंग-बिरंगे मोतियों और सजावटी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।

छात्रा रिया कुमारी का कहना है कि देश की रक्षा करने वाले जवान भले ही उनके सगे भाई न हों, लेकिन हर भारतीय बहन के लिए सैनिक भाई के समान हैं। ऐसे में उन्हें राखी भेजना उनके लिए गर्व और खुशी का अवसर है।पटवा टोली में आईआईटी, जेईई और नीट की निशुल्क तैयारी कराने वाली संस्था ‘वृक्ष वी द चेंज’ के फाउंडर चंद्रकांत पटवारी ने बताया कि छात्राएं पूरे उत्साह के साथ राखियां तैयार कर रही हैं। सैनिकों के लिए बनाई गई राखियां डाक के माध्यम से अलग-अलग आर्मी कैंपों में भेजी जाएंगी, जबकि प्रधानमंत्री के लिए तैयार तिरंगे वाली राखी पीएमओ कार्यालय भेजने की तैयारी है।

पटवा टोली की पहचान अब सिर्फ बुनकरों और आईआईटियन की नगरी तक सीमित नहीं है। यहां की बेटियां शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकार और राष्ट्रप्रेम की मिसाल भी पेश कर रही हैं। रक्षाबंधन पर हाथों से तैयार ये राखियां देश के जवानों तक स्नेह और सम्मान का संदेश पहुंचाने वाली हैं।
रिपोर्ट- मनोज कुमार