पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर बोले मांझी– 'पुराने मामले में हुई कार्रवाई, लेकिन छात्रा की हत्या के दोषियों को नहीं बख्शेंगे
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बोधगया में कहा कि नीट छात्रा हत्याकांड के दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए एसआईटी और सीबीआई जांच कर रही हैं। साथ ही उन्होंने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को एक पुराने मामले की कानूनी प्रक्रिया बताया।
Gayaji : बिहार के गया जिले के बोधगया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नीट छात्रा हत्याकांड और सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर अहम बयान दिया है। मांझी ने स्पष्ट किया कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी एक पुराने कानूनी मामले से जुड़ी है, जबकि नीट छात्रा की हत्या एक अत्यंत गंभीर विषय है जिसकी निष्पक्ष जांच जारी है।
मांझी का बयान: 'कानून से ऊपर कोई नहीं, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा'
बोधगया (गया): केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने रविवार को बोधगया में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य की कानून-व्यवस्था और हालिया घटनाक्रमों पर अपनी राय रखी। उन्होंने नीट छात्रा हत्याकांड की तीखी निंदा करते हुए इसे एक जघन्य अपराध बताया और आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर दी सफाई पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए मांझी ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी किसी नए घटनाक्रम के कारण नहीं, बल्कि एक पुराने मामले में हुई है। उन्होंने इस विषय पर अधिक टिप्पणी करने से बचते हुए इसे एक कानूनी प्रक्रिया बताया। हालांकि, उन्होंने यह जरूर माना कि पप्पू यादव ने नीट छात्रा हत्याकांड के मुद्दे को मुखर होकर उठाया है।
SIT और CBI कर रही हैं जांच मांझी ने बताया कि सरकार इस हत्याकांड को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने भी यह भरोसा दिलाया है कि मामले की तह तक जाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। वर्तमान में एसआईटी (SIT) और सीबीआई (CBI) जैसी बड़ी एजेंसियां इस मामले की जांच में जुटी हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले।
Report - manoj kumar