Bihar News : गयाजी में 'मगध इंटरनेशनल ग्रैंड ट्रेड फेयर' का हुआ भव्य शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और विधासभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने किया उद्घाटन

Bihar News : भारत सरकार की ओर से स्थानीय कलाकारों के बेहतरी के लिए सराहनीय पहल की गयी है. इसी कड़ी में गयाजी में 'मगध इंटरनेशनल ग्रैंड ट्रेड फेयर 2026' की भव्य शुरुआत की गयी है.....पढ़िए आगे

Bihar News : गयाजी में 'मगध इंटरनेशनल ग्रैंड ट्रेड फेयर' का
'मगध इंटरनेशनल ग्रैंड ट्रेड फेयर' की शुरुआत - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गयाजी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 16 दिवसीय 'मगध इंटरनेशनल ग्रैंड ट्रेड फेयर 2026' का भव्य उद्घाटन केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने संयुक्त रूप से किया। केंद्रीय MSME मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और कलाकारों द्वारा निर्मित उत्पादों को एक बेहतर बाजार और उचित मूल्य उपलब्ध कराना है।

मेले के उद्घाटन के बाद परिसर का भ्रमण करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बताया कि ट्रेड फेयर में लगभग 150 स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका विभाग देश भर में ऐसे मेलों का आयोजन करता है, और स्थानीय लोगों के अनुरोध पर गयाजी में इस भव्य मेले को अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि अक्सर स्थानीय कारीगर अपनी मेहनत और कला से उत्कृष्ट सामग्रियां तैयार करते हैं, लेकिन उन्हें बाजार में सही दाम नहीं मिल पाता। इस मेले के माध्यम से उन उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बिक्री हो सकेगी।

व्यापार मेले के उद्घाटन के इतर संवाददाताओं से बात करते हुए जीतन राम मांझी ने राजनीति और राष्ट्रीय मुद्दों पर भी बेबाक राय रखी। बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के आने वाले नतीजों पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने एनडीए (NDA) उम्मीदवार की जीत का पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'डबल इंजन' की सरकार मजबूती से काम कर रही है, इसलिए जनता का समर्थन पूरी तरह से एनडीए के पक्ष में है।

वहीं जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में गैर-कश्मीरियों पर हुए आतंकी हमले और लश्कर द्वारा इसकी जिम्मेदारी लिए जाने की दुखद घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश के नागरिकों और सीमाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चाहे जम्मू-कश्मीर हो या देश की कोई अन्य सीमा, हमारे सुरक्षा बल हर परिस्थिति से निपटने और असामाजिक व आतंकी तत्वों को करारा जवाब देने में पूरी तरह सक्षम हैं। गांधी मैदान में शुरू हुए इस 16 दिवसीय ट्रेड फेयर को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। एक तरफ जहाँ इस मेले से स्थानीय कला और रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ क्षेत्रीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर आए राजनीतिक बयानों ने भी प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।

मनोज की रिपोर्ट