पारिवारिक विवाद के समझौते के दौरान भतीजे ने चाचा समेत चार को घोंपा चाकू, पुलिस हिरासत में आरोपी

गया जिले के शेरघाटी से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद को सुलझाने पहुंचे चाचा समेत अन्य चार लोगों पर भतीजे ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है....

पारिवारिक विवाद के समझौते के दौरान भतीजे ने चाचा समेत चार को
भतीजे ने चाचा समेत चार को घोंपा चाकू- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji :  जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर गांव में पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे परिजनों पर एक सिरफिरे भतीजे ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाचा सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई इस चाकूबाजी की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में संजय गुप्ता, सतेंद्र प्रसाद गुप्ता, उपेंद्र कुमार और अजय साव घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया जहाँ उनका इलाज जारी है।


पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने पहुंचे थे परिजन

घायल संजय गुप्ता ने बताया कि परिवार में पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से अनबन चल रही थी। इसी विवाद को आपसी सहमति से खत्म कराने के लिए परिजन मोहनपुर से दरियापुर आए हुए थे। परिजनों का आरोप है कि भतीजा विक्की कुमार लगातार समझौते के लिए समय और स्थान बदल रहा था। बुधवार को जब पंचायती शुरू हुई, तो बातचीत के दौरान विक्की अचानक उग्र हो गया और उसने जेब से चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।


पुलिस ने आरोपी विक्की कुमार को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भतीजे विक्की कुमार को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे थाने में सघन पूछताछ कर रही है और घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी व विवाद के मुख्य कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।


थानाध्यक्ष का बयान: प्राथमिकी दर्ज कर होगी सख्त कार्रवाई

शेरघाटी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद की पंचायती के दौरान हमला करने वाले आरोपी विक्की कुमार को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त होने के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


मनोज की रिपोर्ट