Bihar Inter Result : गया की निशु और पूर्णिया के लकी अंसारी ने इंटर परीक्षा में फहराया परचम, कला संकाय में जिले का नाम किया रौशन

Bihar Inter Result : गया की निशु कुमारी इंटरमीडिएट कला संकाय में टॉप किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद, उनकी सच्ची लगन ने उन्हें यह सफलता दिलाई। उनकी उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है...पढ़िए आगे

Bihar Inter Result : गया की निशु और पूर्णिया के लकी अंसारी न
इंटर परीक्षा में जलवा - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : जिले के खिजरसराय प्रखंड की रहने वाली प्रतिभाशाली छात्रा निशु कुमारी ने इंटरमीडिएट (आर्ट्स) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है। निशु ने सभी विषयों में अंव्वल अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जो अपने आप में बेहद दुर्लभ और प्रेरणादायक है। निशु कुमारी खिजरसराय के लोदीपुर गांव की निवासी हैं और यशवंत इंटर स्कूल की नियमित छात्रा रही हैं। उनकी इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का बड़ा योगदान है। स्कूल के शिक्षक मनोज कुमार ने बताया कि निशु शुरू से ही एक मेधावी छात्रा रही है और पढ़ाई के प्रति उसका समर्पण हमेशा से सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही विश्वास था कि निशु एक दिन जरूर टॉप करेगी।

गौरतलब है कि निशु ने मैट्रिक परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन मात्र 2 अंकों से टॉप करने से चूक गई थीं। उस समय शिक्षकों और परिजनों ने उन्हें निराश न होने की सलाह दी और आगे बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। निशु ने उस प्रेरणा को अपनी ताकत बनाया और इंटरमीडिएट परीक्षा में पूरे बिहार में टॉप कर दिखाया। निशु की सफलता का एक और खास पहलू यह है कि परीक्षा देने के बाद ही उन्होंने अपने शिक्षकों से कहा था कि उन्हें इंटरव्यू के लिए जरूर बुलाया जाएगा। बीते 19 मार्च को उन्हें पटना इंटरव्यू के लिए बुलाया भी गया। इंटरव्यू देने के बाद निशु पूरी तरह आश्वस्त थीं कि वह इस बार टॉप करेंगी। आज जब रिजल्ट घोषित हुआ तो उनकी यह बात पूरी तरह सच साबित हुई। निशु कुमारी की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। गांव और स्कूल में भी जश्न का माहौल देखा जा रहा है। उनकी सफलता ने अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

वहीँ पूर्णिया के एक घड़ी मैकेनिक का बेटा लकी अंसारी इंटर आर्ट्स की परीक्षा में पूरे बिहार में सेकंड टॉपर किया हैं। उनकी इस सफलता से परिजनो में काफी खुशी है। परिजन, मित्र और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं । लकी अंसारी ने  कहा कि उन्होंने काफी संघर्ष कर पढ़ाई की है और आज बिहार में दूसरा स्थान लाया है। उनके पिता ने भी काफी संघर्ष कर उन्हें पढ़ाया है। 

खजांची हाट थाना के बगल में एक छोटी सी झोपड़ी में रहने वाले लकी अंसारी के पिता इम्तियाज अंसारी बाजार में घड़ी मैकेनिक का काम करते हैं। वह दो भाई और एक बहन है । लकी ने कहा कि काफी आर्थिक तंगी के बीच उन्होंने पढ़ाई की। मेहनत किया जिसका नतीजा है कि आज उन्हें यह सफलता मिली है। वही लकी के पिता ने कहा कि लकी शुरू से ही काफी मेहनती था। आज उसने उनकी मुराद पूरी कर दी है। लकी के मां बहन और भाई भी उनकी इस सफलता से काफी खुश है। लकी का कहना है कि वह शिक्षक बनना चाहते हैं। इसके लिए वह आगे भी काफी मेहनत करेंगे।

गयाजी से मनोज और पूर्णिया से अंकित की रिपोर्ट