Bihar Politics:राहुल गांधी ने गहलौर में दशरथ मांझी को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिले; अब राजगीर में संविधान सुरक्षा सम्मेलन को करेंगे संबोधित

Bihar Politics: राहुल गांधी भागीरथ मांझी को अपने साथ लेकर नालंदा जिले के राजगीर के लिए रवाना हो गए। वे अब राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय समागम केंद्र में आयोजित 'संविधान सुरक्षा सम्मेलन' को संबोधित करेंगे।

Rahul Gandhi
राहुल राजगीर में संविधान सुरक्षा सम्मेलन को करेंगे संबोधित- फोटो : reporter

Bihar Politics: गया/नालंदा: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बिहार दौरे पर हैं, जहाँ उन्होंने गया जिले के दशरथ नगर गांव पहुंचकर 'माउंटेन मैन' दशरथ मांझी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान दशरथ मांझी के पुत्र भागीरथ मांझी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

राहुल गांधी ने परिवार के अन्य सदस्यों से भी बातचीत की और उनके साथ बैठकर नारियल पानी का सेवन किया। इस अवसर पर परिजनों ने अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में राहुल गांधी को अवगत कराया और मदद की गुहार लगाई। सूत्रों के अनुसार, दशरथ मांझी के पुत्र भागीरथ मांझी ने बोधगया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा भी राहुल गांधी के सामने व्यक्त की।

दशरथ नगर गांव पहुँचने पर राहुल गांधी का गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वे गहलौर गांव पहुंचे, जहाँ उन्होंने दशरथ मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस कार्यक्रम के पश्चात, राहुल गांधी भागीरथ मांझी को अपने साथ लेकर नालंदा जिले के राजगीर के लिए रवाना हो गए। वे अब राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय समागम केंद्र में आयोजित 'संविधान सुरक्षा सम्मेलन' को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का यह दौरा बिहार में दलित और वंचित समुदाय के बीच कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है।

नालंदा से राज पाण्डेय के साथ गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट