Bihar News : गोपालगंज में ट्रक पर लोड 70 लाख की शराब पुलिस ने किया बरामद, मौके से चालक सहित दो को किया गिरफ्तार

Bihar News : गोपालगंज में ट्रक पर लोड शराब की बड़ी खेप पुलिस ने बरामद किया है. वहीँ मौके से पुलिस ने चालक सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : गोपालगंज में ट्रक पर लोड 70 लाख की शराब पुलिस न
शराब की बड़ी खेप बरामद - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच गोपालगंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। एनएच-27 स्थित चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान एक ट्रक से करीब 8900 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई में ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की बाजारू कीमत लगभग 60 से 70 लाख रुपये आंकी जा रही है। 

यह कार्रवाई एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर की गई। दर्पण सुमन के नेतृत्व में कुचायकोट थाना पुलिस एनएच-27 पर नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक ट्रक को रोका गया। कागजात की जांच के बाद जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब के कार्टन बरामद हुए। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि ट्रक चालक राजस्थान का रहने वाला है और यह खेप बिहार में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी। 

बिहार में शराब लाना, ले जाना और रखना कानूनन अपराध है, इसके बावजूद तस्कर लगातार नए तरीकों से शराब सप्लाई करने की कोशिश कर रहे हैं। सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शराब की सटीक गिनती और ब्रांड का मिलान किया जा रहा है साथ ही फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज पर जांच शुरू कर दी गई है। ताकि इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। 

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लोड हुई थी और बिहार में किन ठिकानों पर इसकी डिलीवरी होनी थी। मोबाइल कॉल डिटेल्स, रूट मैप और ट्रांसपोर्ट दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। इस बड़ी बरामदगी के बाद गोपालगंज पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान और सख्ती से जारी रहेगा। सीमा और हाईवे चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि तस्करों की हर चाल नाकाम की जा सके। शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई एक बड़ा संदेश है। अब देखना होगा कि जांच में इस नेटवर्क से जुड़े और कितने नाम सामने आते हैं।

नमो नारायण की रिपोर्ट