Bihar News : कैमूर में उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक पर लोड 90 लाख की शराब किया जब्त, मौके से चालक को किया गिरफ्तार
Bihar News : कैमूर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने 6218 लीटर शराब जब्त की है,जिसका बाजार मूल्य करीब 80 से 90 लाख बताई जा रही है....पढ़िए आगे
KAIMUR : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 स्थित समेकित चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई के दौरान विभाग ने एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
जब्त किए गए ट्रक (संख्या HP34F6062) में विभिन्न ब्रांडों की कुल 6,218 लीटर शराब छुपाई गई थी। पुलिस और उत्पाद विभाग के अनुसार, इस अवैध शराब की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 80 से 90 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चालक की पहचान नागा राम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और इस अवैध परिवहन में संलिप्त पाया गया है। शनिवार की दोपहर को उत्पाद चेकपोस्ट के प्रभारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस को मामले की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग को खास गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ के रास्ते भारी मात्रा में शराब की खेप बिहार लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही हरकत में आए अधिकारियों ने हैंड स्कैनर मशीन की मदद से वाहनों की सघन जांच शुरू की। जांच के दौरान चप्पल कटिंग की आड़ में छिपाकर लाई जा रही इस बड़ी खेप का खुलासा हुआ, और फिलहाल गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देवब्रत की रिपोर्ट