मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष शिविर, एसडीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
कैमूर जिले में मतदाता सूची अद्यतीकरण को लेकर मोहनिया एसडीएम ने सर्वदलीय बैठक की। बैठक में मतदाता सूची को अद्यतन करने और नए मतदाताओं का नाम जोड़ने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए....
Kaimoor : जिले के मोहनिया अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) रत्ना प्रियदर्शनी ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान मतदाता सूची के अद्यतीकरण (अपडेशन) से जुड़े फॉर्म 6, 7 और 8 की विस्तृत प्रक्रिया एवं नियम-शर्तों की जानकारी साझा की गई। एसडीएम ने बताया कि विगत एक माह में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और स्थानांतरण से संबंधित जो भी कार्य हुए हैं, उनकी विस्तृत सूची निकालकर पारदर्शिता के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंप दी गई है।
कैंपेन मोड में चल रहा है अभियान, पिछले 15 दिनों की प्रगति रिपोर्ट जारी
अभियान की अद्यतन प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने बताया कि वर्तमान में यह कार्य विशेष कैंपेन मोड में चलाया जा रहा है। पिछले करीब 15 दिनों के भीतर फॉर्म 6 (प्रपत्र 9) के तहत कुल 290 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। वहीं, फॉर्म 7 (प्रपत्र 10) के माध्यम से 63 नामों को विलोपित (हटाया) किया गया है। इसके अतिरिक्त, फॉर्म 8 (11 क व 11 ख) के तहत कुल 198 मतदाताओं के नाम में सुधार अथवा स्थान परिवर्तन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई है।
आगामी माह की 5 और 6 तारीख को सभी पंचायतों में लगेगा बूथवार विशेष शिविर
एसडीएम ने बताया कि मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित बनाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इससे जोड़ने के उद्देश्य से आगामी महीने की 5 और 6 तारीख (शनिवार व रविवार) को सभी पंचायतों में बूथवार विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।
बूथ पर पहुंचकर सीधे करा सकेंगे नाम जोड़ने, सुधार या विलोपन का कार्य
विशेष शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को अपने ही पंचायत और बूथ स्तर पर सुविधा प्रदान की जाएगी। जिन पात्र नागरिकों का नाम अब तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाया है, अथवा जिन्हें अपने नाम, पते या अन्य विवरण में किसी प्रकार का सुधार कराना है या किसी का नाम हटवाना है, वे सीधे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ यह कार्य करा सकते हैं।
अप्रैल 2027 तक 18 वर्ष के होने वाले युवाओं से भी आवेदन करने की अपील
मीडिया के माध्यम से आम लोगों और विशेषकर युवाओं से अपील करते हुए एसडीएम ने कहा कि जो युवा अप्रैल 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे भी अपना नया वोटर आईडी कार्ड बनवाने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आवश्यक सभी फॉर्म संबंधित बीएलओ अथवा प्रखंड कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध हैं, जहां से फॉर्म प्राप्त कर भरे हुए आवेदन जमा किए जा सकते हैं।