Bihar Flood: बाढ़ में पढ़ाई पर आफत, नाव पर सवार होकर स्कूल जाते थे 300 बच्चे, DEO ने लगाई रोक

Bihar Flood:गंगा, कोसी और बरंडी नदी के बढ़ते जलस्तर ने कटिहार के निचले इलाकों में जिंदगी मुश्किल कर दी है।...

Flood Forces 300 Katihar Students
बाढ़ में पढ़ाई पर आफत- फोटो : reporter

Bihar Flood:गंगा, कोसी और बरंडी नदी के बढ़ते जलस्तर ने कटिहार के निचले इलाकों में जिंदगी मुश्किल कर दी है। कई जगह बाढ़ का पानी फैलने से स्कूल भी प्रभावित हुए हैं। बरारी प्रखंड के प्रतापगंज बांध किनारे स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की तस्वीर सबसे ज्यादा परेशान करने वाली है, जहां चारों तरफ बरंडी नदी का पानी फैल जाने के कारण बच्चों के स्कूल आने-जाने का एकमात्र सहारा नाव बन गया था।

स्कूल जाने के लिए बच्चे जान जोखिम में डालकर नाव पर सवार होने को मजबूर थे। विद्यालय में करीब 300 बच्चों का नामांकन है। शिक्षक अब्दुल बारिक के मुताबिक, स्कूल के चारों ओर पानी भर जाने के कारण आवागमन का कोई रास्ता नहीं बचा है। सरकारी नाव उपलब्ध नहीं होने की वजह से निजी नाविक की सेवा लेनी पड़ रही थी। इसके लिए विद्यालय की ओर से प्रतिदिन 500 रुपये खर्च किए जा रहे थे और बड़ी संख्या में बच्चे नाव से स्कूल पहुंच रहे थे।

नाविक आवेद अली ने बताया कि वह अपनी निजी नाव से बच्चों को स्कूल लाने और वापस घर पहुंचाने का काम करते हैं। उनके मुताबिक प्रतिदिन 150 से 200 बच्चे नाव से आवागमन करते थे। बाढ़ के पानी में नाव चलाने के दौरान खतरा बना रहता है, लेकिन बच्चों को सुरक्षित पहुंचाने की कोशिश की जाती है।

अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को नाव से स्कूल भेजने में हर वक्त डर लगा रहता है। हाल में एक बच्चे की डूबने से मौत की घटना के बाद चिंता और बढ़ गई है। अभिभावकों ने इलाके में पुल निर्माण की मांग की है, ताकि बच्चों को जान जोखिम में डालकर नाव से स्कूल न जाना पड़े।मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में बच्चों को नाव से स्कूल नहीं जाना चाहिए। तत्काल प्रभाव से प्रतापगंज उत्क्रमित मध्य विद्यालय के सभी बच्चों को मध्य विद्यालय अनारकली में टैग कर दिया गया है। इससे फिलहाल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह