Bihar News : कटिहार में नौकरी का झांसा देकर रेलवे लोको पायलट ने युवती से किया दुष्कर्म, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : कटिहार में युवती के साथ नौकरी की झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों रेलवे लोको पायलट को गिरफ्तार कर लिया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : कटिहार में नौकरी का झांसा देकर रेलवे लोको पायलट
नौकरी के नाम पर दुष्कर्म - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार के कटिहार जिले में युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त रेलवे के दोनों लोको पायलटों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद से कटिहार रेल मंडल और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

22 सितंबर को हुई थी वारदात 

जानकारी के अनुसार, घर से नाराज होकर स्टेशन पहुंची युवती को आरोपियों ने अपनी झांसे में ले लिया। चंदन कुमार नामक लोको पायलट उसे नौकरी दिलाने का लालच देकर सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित अपने किराए के मकान में ले गया, जहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना 22 सितंबर की बताई जा रही है, जिसके संबंध में पीड़िता ने 28 सितंबर को महिला थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।

महज 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू किया और महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी चंदन कुमार और उसकी मदद करने वाले सह-आरोपी विनय कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी चंदन ने कबूलनामे में युवती के साथ दुष्कर्म की बात स्वीकार कर ली है, जबकि विनय कुमार दास पर इस कृत्य में सहयोग देने का आरोप है।

रेल मंडल में चर्चा का विषय बनी रही घटना

कटिहार रेल मंडल में कार्यरत दो रेल कर्मियों की इस शर्मनाक करतूत को लेकर पिछले 24 घंटों से पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं। सरकारी सेवा में तैनात कर्मियों द्वारा की गई इस वारदात से रेल महकमे की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे थे।

आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भेजा गया जेल

कटिहार पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

श्याम की रिपोर्ट