Bihar Flood: गंगा-कोसी का बढ़ा जलस्तर, बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे DM, बांटी गई पॉलीथिन शीट
Bihar Flood: गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।...
Bihar Flood: कटिहार जिले में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बाढ़ से पैदा हुए हालात का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अधिकारियों की टीम के साथ कुरसेला प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का सघन निरीक्षण कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी राहत कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक तैयारियों, राहत सामग्री की उपलब्धता और लोगों की जरूरतों की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के क्रम में डीएम आशुतोष द्विवेदी वरीय अधिकारियों के साथ कुरसेला प्रखंड की तीनघरिया पंचायत स्थित मालगोदाम के समीप पहुंचे। यहां बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया।प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बाढ़ के कारण परेशान लोगों की जरूरतों का आकलन कर उन्हें जरूरी सहायता मुहैया कराने पर जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान बरारी के जेडीयू विधायक विजय सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया।जिला प्रशासन ने गंगा और कोसी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। साथ ही जरूरतमंद लोगों तक समय पर राहत पहुंचाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।प्रशासन की नजर खास तौर पर उन इलाकों पर है, जहां जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा और अधिक बढ़ सकता है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रभावित आबादी की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर राहत और बचाव की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
गंगा और कोसी के जलस्तर में वृद्धि के बीच प्रशासन की सक्रियता बढ़ने से प्रभावित लोगों को राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि, आने वाले दिनों में नदियों के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन की लगातार निगरानी महत्वपूर्ण होगी।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह