Patna High Court: प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने जिंदा बेटी का किया अंतिम संस्कार,शादी के जोड़े में दुल्हन ने वीडियो जारी कर कही अपनी बात
Patna High Court: शादी करने पर नाराज परिजनों ने अपनी ही जीवित बेटी का अंतिम संस्कार कर पिंडदान कर दिया। ..
Patna High Court: कटिहार जिले से प्रेम विवाह को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी करने पर नाराज परिजनों ने अपनी ही जीवित बेटी का अंतिम संस्कार कर पिंडदान कर दिया। बेटी के प्रेम विवाह से आहत पिता ने सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए उससे सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया है। पिता का कहना है कि बेटी ने प्रेम विवाह कर परिवार की इज्जत और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। वहीं, दूसरी तरफ युवती ने अपने पति के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर साफ कहा है कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जाए।
घर से भागकर प्रेमी के साथ रचाई शादी
पूरा मामला कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के निझरा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी श्याम ठाकुर की 23 वर्षीय पुत्री सेजल कुमारी ने 23 अक्टूबर 2026 को पहलागढ़ निवासी अजय पासवान के साथ घर से निकलकर प्रेम विवाह कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग जातियों से आते हैं। इसी वजह से युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। परिवार की असहमति के बावजूद सेजल ने अपने प्रेमी के साथ शादी करने का फैसला लिया।
शादी के जोड़े में वीडियो जारी कर कही अपनी बात
प्रेम विवाह के बाद सेजल कुमारी ने अपने पति अजय पासवान के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो में सेजल शादी के जोड़े में अपने पति के साथ खड़ी नजर आ रही है। उसने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उसने अपनी मर्जी से अजय के साथ विवाह किया है। युवती के मुताबिक, उसने पहले भी अपने घरवालों को इस रिश्ते के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं था। इसके बाद उसने अपनी जिंदगी का फैसला खुद लेते हुए प्रेमी के साथ विवाह कर लिया। सेजल ने वीडियो के माध्यम से अपने परिजनों से अपील की कि उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जाए। उसने साफ किया कि शादी का फैसला उसने अपनी इच्छा से लिया है और इसके लिए किसी ने उसे मजबूर नहीं किया है।
बेटी के जिंदा रहते पिता ने किया अंतिम संस्कार और पिंडदान
बेटी का वीडियो सामने आने के बाद परिवार की नाराजगी और बढ़ गई। प्रेम विवाह से आहत पिता श्याम ठाकुर ने परिवार के अन्य सदस्यों की सहमति से अपनी जीवित बेटी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर पिंडदान कर दिया। इस घटना की चर्चा इलाके में तेजी से फैल रही है। एक तरफ बेटी अपनी नई जिंदगी शुरू करने की बात कह रही है, तो दूसरी तरफ उसके पिता ने सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों को समाप्त करने का ऐलान कर दिया है।
पिता बोले- बेटी ने समाज में हमारी प्रतिष्ठा खत्म कर दी
सेजल के पिता श्याम ठाकुर ने कहा कि उनकी बेटी ने प्रेम विवाह कर समाज में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि अब सेजल से उनका कोई रिश्ता नहीं है। वह उनके परिवार के लिए मर चुकी है। इसी वजह से उन्होंने बेटी का अंतिम संस्कार करते हुए पिंडदान किया है। पिता ने दो टूक कहा कि अब उनका अपनी बेटी से कोई संबंध नहीं रहेगा।
प्रेम विवाह के फैसले ने खड़ा किया बड़ा पारिवारिक विवाद
कटिहार की यह घटना एक बार फिर प्रेम विवाह, जातिगत बंधनों और व्यक्तिगत पसंद को लेकर समाज में मौजूद तनाव को सामने लाती है। एक वयस्क युवती ने अपनी पसंद से विवाह करने का दावा किया है, जबकि परिवार ने इस फैसले को अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज है। वहीं, युवती की सुरक्षा और उसकी स्वतंत्र इच्छा का सम्मान सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह