Katihar Vigilance Raid: कटिहार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी चंद्रशेखर सिंह के पैतृक घर पर छापा
टिहार के सहायक थाना क्षेत्र के लोहिया नगर में पटना विजिलेंस टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी चंद्रशेखर सिंह के पैतृक आवास पर छापेमारी की।
पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने ग्रामीण विकास विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर चंद्रशेखर सिंह के 4 ठिकानों पर छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। चंद्रशेखर सिंह की पोस्टिंग छपरा में बताई जा रही है। पटना, छपरा, कटिहार और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित ठिकानों पर निगरानी की टीम जांच कर रही है।ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिकंजा कसना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पटना से आई विजिलेंस (सतर्कता) विभाग की टीम ने कटिहार में बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
लोहिया नगर स्थित पैतृक आवास पर दबिश
विजिलेंस टीम की यह छापेमारी कटिहार जिले के सहायक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लोहिया नगर मोहल्ले में स्थित पैतृक आवास पर चल रही है। यह आवास ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी चंद्रशेखर सिंह का बताया जा रहा है। टीम के अधिकारियों द्वारा घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है और दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
संयुक्त परिवार में रहते हैं तीनों भाई
मिली जानकारी के अनुसार, लोहिया नगर स्थित इस पैतृक आवास में चंद्रशेखर सिंह और उनके तीनों भाई अपने-अपने परिवारों के साथ संयुक्त रूप से (एक साथ) रहते हैं। छापेमारी के दौरान घर के सभी सदस्यों की मौजूदगी और संपत्तियों के ब्योरे को लेकर विजिलेंस की टीम बारीकी से पूछताछ कर रही है। परिवार के सदस्यों से वित्तीय लेन-देन और कागजातों पर जवाब-तलब किया जा रहा है।
दस्तावेजों की जांच जारी, कई खुलासे की उम्मीद
विजिलेंस टीम द्वारा घर के अंदर तलाशी और दस्तावेजों की जांच का सिलसिला लगातार जारी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी चंद्रशेखर सिंह के पास उनकी आय के वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति है या नहीं। इस छापेमारी के पूरा होने के बाद कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
कटिहार से श्याम कुमार सिंह की रिपोर्ट