Bihar Crime: प्रेम-प्रसंग में शादी टूटने की रंजिश का खौफनाक अंत, तलवारबाजी में जान गंवा बैठा युवक
Bihar Crime: शादी टूटने को लेकर दो पट्टीदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि तलवार से हमला कर एक युवक की जान ले ली गई।
Bihar Crime: पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के मणि छपरा गांव में शादी टूटने को लेकर दो पट्टीदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि तलवार से हमला कर एक युवक की जान ले ली गई। इस खूनी संघर्ष में 20 वर्षीय सुबोध कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुबोध कुमार की शादी नवंबर महीने में तय थी। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि पड़ोस में रहने वाले लोगों ने शादी से संबंधित फोटो और वीडियो लड़की पक्ष को भेज दिए थे, जिसके बाद शादी टूट गई। इसी बात को लेकर दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। हालांकि, शादी टूटने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष पर तलवार से हमला कर दिया गया। हमले में सुबोध कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान उसका हाथ भी कट गया था। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, विवाद की असली वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद मणि छपरा गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस परिवार में शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब बेटे की मौत से कोहराम मचा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार