Bihar News : खगड़िया में बिना आदेश हथियार रिलीज करना थानाध्यक्ष को पड़ा महंगा, एसपी ने किया सस्पेंड
Bihar News : खगड़िया में बिना आदेश थाने से हथियार रिलीज कर देना थानाध्यक्ष को महंगा पड़ गया. जहाँ एसपी ने आरोपी थानाध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया है.......पढ़िए आगे

khagadia : खगड़िया के जिला प्रशासन में एक बार फिर हड़कंप मच गया। अपने गैर जिम्मेदाराना कार्य को लेकर एक बार फिर एक पुलिस पदाधिकारी को निलंबित कर दिया गया। दरअसल यातायात थाना के थाना अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बिना किसी सक्षम आदेश के ही खुद का फैसला लेते हुए थाना में जमा किए गए दो शस्त्र को मुक्त कर दिया था। फलस्वरूप जिले में पदस्थापित यातायात थाना के थानाध्यक्ष पु०नि० नीरज कुमार सिंह को जिला शस्त्र दंडाधिकारी के आदेश के आलोक में निलंबित कर दिया गया है।
मामला खगड़िया नगर थाना से जुड़ा है, जहाँ आदेशानुसार संजीव तुलस्यान पिता प्रहलाद तुलस्यान निवासी मायाराम रोड, खगड़िया की शस्त्र अनुज्ञप्ति संख्या 19/1990 एवं 02/2006 को निलंबित कर दोनों शस्त्रों को निकटतम थाना में जमा करने का निर्देश दिया गया था। आदेश के अनुपालन में दोनों शस्त्र नगर थाना खगड़िया के मालखाना में जमा भी कराए गए थे।
लेकिन तत्कालीन नगर थानाध्यक्ष रहे नीरज कुमार सिंह के द्वारा बिना किसी सक्षम आदेश के दोनों शस्त्र मुक्त कर दिए गए। इसे गंभीर लापरवाही एवं संदिग्ध आचरण मानते हुए जिला शस्त्र दंडाधिकारी के आदेश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में उन्हें सामान्य जीवन यापन भत्ता दिया जाएगा तथा उनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र खगड़िया निर्धारित किया गया है।
खगड़िया से अमित की रिपोर्ट