Japani bride in Bihar: जापान की मारिया बनीं मधेपुरा की बहू, IIT इंजीनियर राहुल कुमार की प्रेम कहानी ने तोड़ी सरहदें

Japani bride in Bihar: मधेपुरा के IIT इंजीनियर राहुल कुमार ने जापान की मारिया से शादी कर मिसाल पेश की। जापान में हुई शादी के बाद विदेशी बहू गांव पहुंचीं, जहां साड़ी में सजी मारिया ने सबका दिल जीत लिया।

Japani bride in Bihar
मधेपुरा से जापान तक की प्रेम कहानी- फोटो : social media

Japani bride in Bihar: कहते हैं सच्चा प्यार भाषा, देश और संस्कृति की सीमाओं को पार कर जाता है। इस बात को हकीकत में बदलकर दिखाया है बिहार के मधेपुरा जिले के राहुल कुमार और जापान की मारिया ने। अलग-अलग देशों और संस्कृतियों से आने के बावजूद दोनों ने न सिर्फ एक-दूसरे को अपनाया, बल्कि रिश्ते को परिवारों की सहमति से शादी तक पहुंचाया।

मधेपुरा से टोक्यो तक का सफर

मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड के रौता गांव निवासी राहुल कुमार एक आईआईटी से पढ़े इंजीनियर हैं। वर्ष 2020 से वे जापान की राजधानी टोक्यो में होंडा कंपनी में सीनियर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। वहीं उनकी मुलाकात जापान की मारिया से हुई, जो एक मल्टीनेशनल कंपनी में ग्लोबल सेल्स मैनेजर के पद पर काम कर रही हैं।

दोस्ती से प्यार बनने तक की कहानी

टोक्यो में एक बिजनेस पार्टी के दौरान राहुल और मारिया की पहली मुलाकात हुई। शुरुआती बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दो वर्षों के समय में यह रिश्ता प्यार में बदल गया। एक-दूसरे की संस्कृति, सोच और जीवनशैली को समझते हुए दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया।

परिवारों की सहमति से जापान में शादी

राहुल और मारिया ने अपने रिश्ते को परिवारों से साझा किया और दोनों पक्षों की सहमति के बाद नवंबर महीने में जापान में विवाह किया। खास बात यह रही कि शादी का निमंत्रण पत्र पूरी तरह बिहारी अंदाज में छपवाया गया, जिसमें मारिया के माता-पिता अतुशी ओहासी और कनाको का नाम भी शामिल किया गया।

दो संस्कृतियों का अनोखा संगम

टोक्यो में पहले जापानी परंपराओं के अनुसार विवाह समारोह हुआ, इसके बाद बिहारी रीति-रिवाजों के साथ शादी संपन्न कराई गई। यह विवाह सिर्फ दो लोगों का नहीं, बल्कि दो संस्कृतियों के मिलन का प्रतीक बन गया।

साड़ी पहन गांव पहुंची जापानी बहू

शादी के बाद राहुल अपनी पत्नी मारिया को लेकर पैतृक गांव रौता पहुंचे। विदेशी बहू के आगमन की खबर सुनते ही आसपास के गांवों से भी लोग उन्हें देखने पहुंचने लगे। पारंपरिक भारतीय साड़ी में सजी मारिया ने घर के बुजुर्गों के पैर छूकर सबका दिल जीत लिया।हालांकि मारिया हिंदी नहीं जानतीं, लेकिन उन्होंने “नमस्ते इंडिया”, “हेलो जी” और “आई लव इंडिया” जैसे शब्द बोलकर ग्रामीणों का दिल छू लिया।

गांव में बना उत्सव का माहौल

राहुल के पिता सुदिष्ट यादव के घर आयोजित रिसेप्शन में पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी जापानी बहू के साथ तस्वीर खिंचवाने को उत्साहित दिखे। गांव में सेल्फी लेने की होड़ लग गई और यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।