Chhath Puja: मुंगेर के लखनपुर गांव में छठ मनाएगा CM सम्राट चौधरी का परिवार, 16 नवंबर को जन्मदिन भी

Chhath Puja: मुंगेर के लखनपुर गांव में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का परिवार पुरानी परंपरा के अनुसार छठ मनाएगा। 16 नवंबर को मुख्यमंत्री का जन्मदिन भी है।

Chhath Puja

Chhath Puja:  बिहार के मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड स्थित लखनपुर गांव में छठ पर्व को लेकर खास उत्साह है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के परिवार में भी इस पर्व की तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री के पिता और पूर्व मंत्री शकुनि चौधरी ने बताया कि छठ उनके परिवार की पुरानी परंपरा है। इस मौके पर दिल्ली, पटना और देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले परिवार के सदस्य हर साल गांव पहुंचते हैं और मिलकर पर्व मनाते हैं।


शकुनि चौधरी ने कहा कि राजनीति और नौकरी की व्यस्तता के बावजूद छठ के मौके पर परिवार का एक साथ होना जरूरी है। मुख्यमंत्री के गांव आने की खबर से स्थानीय लोगों में भी खुशी और उत्साह है।


परिवार की परंपरा के अनुसार एक ही महिला करती हैं छठ व्रत


शकुनि चौधरी ने बताया कि उनके परिवार में छठ की एक खास परंपरा है। परिवार के बड़े भाई के सबसे बड़े बेटे की पत्नी छठ व्रत करती हैं। परिवार के बाकी सदस्य उन्हें सूप अर्पित करते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार की बेटियां और दूसरे सदस्य भी अपनी ओर से सूप देते हैं। इस बार भी दिल्ली, पटना और अन्य जगहों से परिवार के लोग लखनपुर पहुंचेंगे और एक साथ छठ मनाएंगे।


16 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का जन्मदिन


इस बार छठ पर्व के साथ परिवार के लिए एक और खास मौका है। 16 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का जन्मदिन भी है। परिवार से जब जन्मदिन की तैयारी के बारे में पूछा गया, तो बताया गया कि अभी कोई विशेष कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। हालांकि, इतना तय है कि इस दिन पूरा परिवार एक साथ रहेगा और जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा।


शकुनि चौधरी ने की सुख-समृद्धि की कामना


पूर्व मंत्री शकुनि चौधरी ने छठी मैया से मुंगेर सहित पूरे बिहार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि छठ का पर्व सभी के जीवन में सुख और शांति लेकर आएगा।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट