Bihar News : मुजफ्फरपुर में पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का हुआ जोरदार भव्य स्वागत, अधिवक्ताओं ने रखीं अपनी माँगें
MUZAFFARPUR : पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू मधुबनी जाने के क्रम में मुजफ्फरपुर पहुँचे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सर्किट हाउस पहुँचने पर मुख्य न्यायाधीश का जिला प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
मुख्य न्यायाधीश के सम्मान में सबसे पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और न्यायिक पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय की जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह सहित जिले के तमाम न्यायाधीश मौजूद रहे। सभी ने मुख्य न्यायाधीश का अभिवादन किया और जिले की न्यायिक गतिविधियों पर चर्चा की।
प्रशासनिक स्तर पर मुजफ्फरपुर के जिला अधिकारी (DM) सुब्रत कुमार सेन और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात कर उन्हें गुलदस्ता भेंट किया। अधिकारियों ने मुख्य न्यायाधीश के अल्प प्रवास के दौरान उनकी सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा विवरण साझा किया। इस औपचारिक भेंट के दौरान शहर की विधि-व्यवस्था और अन्य समसामयिक विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन और एडवोकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्य न्यायाधीश से भेंट की। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामबाबू ठाकुर, महासचिव सच्चिदानंद प्रसाद सिंह, एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके लाल और महासचिव उमेश कुमार सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश के आगमन को जिले के लिए गर्व का विषय बताया और उनसे मिलकर अपनी खुशी जाहिर की।
मुलाकात के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामबाबू ठाकुर ने मुख्य न्यायाधीश को व्यवहार न्यायालय परिसर में पार्किंग की समस्या सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी से अवगत कराया। अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू ने उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। मुख्य न्यायाधीश के इस सकारात्मक रुख से स्थानीय अधिवक्ताओं में काफी उत्साह देखा गया।
मणिभूषण की रिपोर्ट