अतिक्रमण हटाने गए सीओ पर जानलेवा हमला: गला दबाकर हत्या की कोशिश, बाल-बाल बचे अधिकारी
Bihar News : प्रदेश में भू-माफियाओं और दबंगों के हौसले काफी बुलंद है। मुजफ्फरपुर में सीएम के निर्देश पर अतिक्रमित जमीन चिन्हित करने पहुंचे अचंलाधिकारी पर भू-माफियाओं और दबंगो ने हमला बोल दिया। सीओं को जान से मारने की कोशिश की ....
Muzaffarpur : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूरे राज्य में सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को सख्ती से खाली कराने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। लेकिन, जब सरकार के इस आदेश का पालन करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी जमीन पर उतर रहे हैं, तो भू-माफिया और दबंग उन पर हमला करने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही एक दुस्साहसिक मामला मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा अंचल से सामने आया है, जहां अतिक्रमण वाली जगह को चिन्हित करने गए अंचलाधिकारी (सीओ) विश्वजीत सिंह पर जानलेवा हमला किया गया और उनका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया गया। इस हमले में सीओ साहब किसी तरह बाल-बाल बचे।
सीओ ने थाने में दर्ज कराया नामजद मामला
पूरे मामले को लेकर बोचहा के अंचलाधिकारी विश्वजीत सिंह ने स्थानीय थाने में एक लिखित शिकायत देकर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर के अनुसार सीओ विश्वजीत सिंह अपने अंचल कार्यालय से सुरक्षाकर्मियों के साथ बोचहा थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर पंचायत के विनोबा चौक के पास सरकारी जमीन पर चल रहे एक अतिक्रमणवाद से संबंधित स्थल का निरीक्षण और जांच करने पहुंचे थे।
अंचलाधिकारी ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वे और उनकी टीम जांच के लिए मौके पर पहुंचे, तभी गांव के दबंग महेश चौधरी और राकेश चौधरी अपने कई अन्य अज्ञात सहयोगियों के साथ लाठी-डंडे लेकर वहां जमा हो गए। इन लोगों ने आते ही सरकारी काम में बाधा डालते हुए सीओ के साथ गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी। जब अंचलाधिकारी ने इस अभद्र व्यवहार का कड़ा विरोध किया और उन्हें शांत रहने को कहा, तो आरोपी उग्र हो गए और उन्होंने सीओ को घेर लिया।
गला दबाकर जाने से मारने की कोशिश
हमले की भयावहता का जिक्र करते हुए सीओ ने बताया कि आरोपियों ने अचानक उन पर शारीरिक हमला बोल दिया और उनका गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों द्वारा अंचल की पूरी टीम को गंभीर अंजाम भुगतने और दोबारा वहां आने पर जान से मारने की खुली धमकी भी दी गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद सीओ विश्वजीत सिंह किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित वहां से निकल सके और सीधे थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती बताई।
आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसडीएण
इस संबंध में मुजफ्फरपुर के पूर्वी एसडीएम (Sub-Divisional Magistrate) तुषार कुमार ने बताया कि राज्य मुख्यालय और मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद जिले के सभी प्रखंडों में सरकारी जमीनों को चिन्हित कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बोचहा सीओ सरफुद्दीनपुर गए थे, जहां उन पर हमला हुआ है। एसडीएम ने साफ किया कि सरकारी लोकसेवकों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बोचहा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द ही उक्त जमीन को भी भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट