Bihar News : समस्तीपुर में शराब तस्कर नेहा झा के बाद मुजफ्फरपुर में पकड़ी गयी काजल, 50 लाख के स्मैक के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार
Bihar News : मुजफ्फरपुर में काजल कुमारी लाखों रुपये मूल्य के हीरोइन के साथ गिरफ्तार की गई है. साथ ही चार युवकों को भी पुलिस ने दबोचा है........पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : बिहार में शराब के बाद अब सूखे नशे के अवैध कारोबार में महिलाओं और युवतियों की संलिप्तता का बड़ा मामला सामने आया है। हाल ही में समस्तीपुर में शराब तस्करी में महिला की गिरफ्तारी के बाद अब मुजफ्फरपुर जिले से पुलिस ने एक युवती और उसके चार सहयोगियों को करीब 50 लाख रुपये मूल्य की स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
यह पूरी कार्रवाई मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र अंतर्गत माधौल बाईपास के पास हुई। बिहार नारकोटिक्स विभाग की एसटीएफ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर तुर्की थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवती और चार युवकों को रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 136.35 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और 2 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि पटना के फतुहा की रहने वाली युवती काजल कुमारी अपने चार सहयोगियों के साथ असम के सिलचर से स्मैक की यह खेप लेकर आई थी। सभी तस्कर ट्रेन के जरिए किशनगंज पहुंचे और वहां से बस पकड़कर मुजफ्फरपुर आए। मुजफ्फरपुर से ये सभी वैशाली जिले की ओर जाने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने इन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान पटना की काजल कुमारी के अलावा वैशाली जिले के रुस्तमपुर निवासी सतीश कुमार और राघोपुर निवासी कुंदन कुमार, प्रकाश कुमार तथा रोहित कुमार के रूप में हुई है। एसडीपीओ वेस्ट टू अनिमेश चंद्र ज्ञानी ने बताया कि जब्त की गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब गिरफ्तार गिरोह से कड़ाई से पूछताछ कर उनके अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय संपर्कों को खंगाल रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट