Bihar Crime:कपड़ों की आड़ में चल रहा था नशे का धंधा, उत्पाद विभाग की टीम ने किया पर्दाफाश, गोदाम से विदेशी शराब किया बरामद

Bihar Crime:उत्पाद विभाग की टीम ने कपड़े के कारोबार की ओट में चल रहे शराब के काले कारोबार का पर्दाफाश कर दिया।

Bihar Crime:कपड़ों की आड़ में चल रहा था नशे का धंधा, उत्पाद
नशे का धंधा - फोटो : SOCIAL MEDIA

Muzaffarpur: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उत्पाद विभाग की टीम ने कपड़े के कारोबार की ओट में चल रहे शराब के काले कारोबार का पर्दाफाश कर दिया। थाना से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर चल रहे इस अवैध धंधे ने न सिर्फ पुलिसिया निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए, बल्कि यह भी उजागर कर दिया कि तस्कर कितनी बेखौफी से कानून को ठेंगा दिखा रहे थे।

सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने देर रात एक कपड़े के गोदाम पर छापेमारी की। बाहर से देखने पर यह गोदाम पूरी तरह कपड़ों के कारोबार से जुड़ा नजर आ रहा था, लेकिन अंदर का मंजर कुछ और ही कहानी बयां कर रहा था। गोदाम के भीतर कपड़ों की गांठों के पीछे विदेशी शराब की बड़ी खेप छुपाकर रखी गई थी। टीम ने मौके से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की और एक कारोबारी को धर दबोचा।

गिरफ्तार कारोबारी से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से कपड़ों की सप्लाई के बहाने शराब की तस्करी कर रहा था। कपड़ों की खेप के साथ शराब को इस तरह छुपाया जाता था कि किसी को शक तक न हो। स्थानीय बाजारों और आसपास के इलाकों में इसी नेटवर्क के जरिए शराब की सप्लाई की जाती थी।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक कारोबारी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि एक संगठित शराब तस्करी गिरोह की परतें खुलने की शुरुआत है। पूछताछ के आधार पर अन्य ठिकानों और संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल अहियापुर थाना से कुछ ही दूरी पर चल रहा था। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या तस्करों को स्थानीय हालात की पूरी जानकारी थी या फिर कहीं न कहीं मिलीभगत का खेल चल रहा था।

फिलहाल उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और शराब जब्त कर ली गई है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि शराबबंदी कानून से खिलवाड़ करने वालों पर रहम नहीं होगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के सौदागरों में खौफ का माहौल है, जबकि आम लोग कानून की इस सख्ती को राहत की नजर से देख रहे हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण