Muzaffarpur Case: 'मेरे खिलाफ कार्रवाई हुई, विधायक पर कब होगी?' गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलने पर बोले मुकुंद तिवारी, इस BJP विधायक पर उठाए सवाल

Muzaffarpur Case: मुजफ्फरपुर में बीजेपी विधायक रंजन कुमार मामले में गिरफ्तार मुकुंद तिवारी को कोर्ट से बेल मिल गई है। अब उन्होंने विधायक और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

Muzaffarpur Case
जमानत मिलते ही मुकुंद तिवारी का बड़ा बयान- फोटो : news4nation

Muzaffarpur Case: मुजफ्फरपुर में बीजेपी विधायक रंजन कुमार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किए गए मुकुंद तिवारी को कोर्ट से जमानत मिल गई है। गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद देर रात पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें बेल पर रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आने के बाद मुकुंद तिवारी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

मुकुंद तिवारी का कहना है कि अगर उनके खिलाफ पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की, तो बीजेपी विधायक रंजन कुमार पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अपने कई समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे थे और उनके साथ मारपीट की गई थी। मुकुंद ने कहा कि अगर उन्होंने गलती की थी तो उन पर कार्रवाई हुई, लेकिन विधायक और उनके समर्थकों पर अब तक कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया। इस पूरे मामले को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर एनडीए सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर निशाना साधा है।

बीजेपी विधायक रंजन कुमार दर्ज कराई थी FIR

दरअसल, बीजेपी विधायक रंजन कुमार ने मिठनपुरा थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुकुंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल करते हुए आपत्तिजनक पोस्ट डाली और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। विधायक ने यह भी कहा कि जब उन्होंने इस बारे में पूछताछ की तो मुकुंद ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। वहीं दूसरी तरफ मुकुंद तिवारी की पत्नी पिंकी कुमारी ने भी विधायक रंजन कुमार और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक 50 से 60 समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और उनके पति के साथ मारपीट की गई। पिंकी कुमारी का कहना है कि पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जिसमें विधायक और उनके समर्थकों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं।

पुलिस की कार्यशैली पर मुकुंद तिवारी ने उठाए सवाल

मुकुंद तिवारी ने कोर्ट से बाहर आने के बाद कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा था और अदालत ने देर रात भी उनकी बात सुनी और जमानत दी। उन्होंने कहा कि अब देखना यह है कि उनके साथ मारपीट करने वालों पर पुलिस कब कार्रवाई करती है। इस मामले पर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मुकुंद तिवारी को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। एसएसपी ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी के बारे में गलत या भ्रामक जानकारी न फैलाएं, वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुकुंद तिवारी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पुलिस विधायक के खिलाफ भी उतनी ही तेजी से कार्रवाई करे जितनी तेजी से उन्हें गिरफ्तार किया गया, तो लोगों का कानून और पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा।

मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट