Muzaffarpur Crime: पति के दरवाजे पर हुआ विवाहिता का अंतिम संस्कार, मौत के बाद मायके वालों ने लगाया जहर देने का आरोप
Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर के मोहम्मदपुर पताही में 35 वर्षीय बीभा ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया और पति के दरवाजे पर अंतिम संस्कार किया।
Muzaffarpur Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक विवाहिता की इलाज के दौरान मौत के बाद गांव में मातम पसर गया। मामला सदर थाना क्षेत्र की पताही पंचायत के मोहम्मदपुर पताही गांव का है। मृतका की पहचान चंदन ठाकुर की 35 वर्षीय पत्नी बीभा ठाकुर के रूप में हुई है। मौत के बाद मायके वाले शव को लेकर उसके ससुराल पहुंचे और मंगलवार शाम ग्रामीणों की मौजूदगी में पति के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर खाने में जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
2014 में हुई थी शादी, पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
मृतका के भाई आकाश चौधरी के मुताबिक, बीभा की शादी वर्ष 2014 में मोहम्मदपुर पताही गांव के रहने वाले चंदन ठाकुर से हुई थी। दोनों की एक 12 साल की बेटी है। आकाश का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। बीभा लगातार इसकी जानकारी अपने मायके वालों को देती थी। आकाश ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान चंदन और उसके परिवार के लोग बीभा पर गर्भपात कराने का दबाव बनाते थे। विवाद बढ़ने के बाद बीभा अपने मायके वालों के साथ अहमदाबाद चली गई थी। बच्चे के जन्म के बाद वह वापस लौट आई।
तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था
परिजनों के अनुसार, बीभा और चंदन के बीच तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा था। आकाश चौधरी का कहना है कि इस मामले में 12 दिसंबर को अंतिम फैसला आने वाला था। परिजनों ने बताया कि छठ पूजा के संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले बीभा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसने इसकी जानकारी अपने मायके वालों को दी। इसके बाद उसके मौसेरे भाई राहुल ने उसे प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
खाने में जहरीला पदार्थ देने का आरोप
आकाश चौधरी का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि बीभा का लीवर और किडनी गंभीर रूप से खराब हो चुके थे। इसी आधार पर मायके वालों को शक है कि उसे खाने में कोई जहरीला पदार्थ दिया गया था। हालांकि, उसे जहर दिए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इलाज के दौरान बीभा की मौत हो गई।
पति के दरवाजे पर किया गया अंतिम संस्कार
बीभा की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। वे शव लेकर मोहम्मदपुर पताही गांव स्थित उसके ससुराल पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में पति के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।इस दौरान मृतका के भाई आकाश चौधरी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि जब जीते जी बहन को साथ नहीं रखा गया तो कम से कम मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार पति के दरवाजे पर कर दिया, ताकि अब वह हमेशा यहीं रहे। फिलहाल, मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। ससुराल पक्ष पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट