Bihar Crime: NEET छात्रा की मौत से हिला सिस्टम,अलर्ट मोड में बिहार पुलिस, ऑपरेशन संकल्प से हॉस्टल और किराएदारों पर कसी जाएगी नकेल

Bihar Crime: ऑपरेशन संकल्प के तहत हॉस्टल में रहने वाले छात्र–छात्राओं की हिफ़ाज़त को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

NEET Student Death Shakes System Bihar Police on Alert
ऑपरेशन संकल्प से हॉस्टल और किराएदारों पर कसी जाएगी नकेल- फोटो : reporter

Bihar Crime: पटना में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध हालात में हुई मौत ने पूरे प्रशासनिक निज़ाम को झकझोर कर रख दिया है। इस वाक़ये के बाद न सिर्फ़ शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं, बल्कि उन हज़ारों छात्र–छात्राओं की सुरक्षा भी कटघरे में आ गई है जो अपने घर–परिवार से दूर हॉस्टल और किराए के कमरों में रहकर अपने भविष्य की इबारत लिख रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में अब मुजफ्फरपुर पुलिस ने अपराध पर शिकंजा कसने के इरादे से कमर कस ली है और ‘ऑपरेशन संकल्प’ के ज़रिए सुरक्षा का नया चक्रव्यूह तैयार किया गया है।

मुजफ्फरपुर पुलिस अब पूरी तरह अलर्ट मोड में है। ऑपरेशन संकल्प के तहत हॉस्टल में रहने वाले छात्र–छात्राओं की हिफ़ाज़त को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस विशेष अभियान की कमान इंस्पेक्टर रैंक के अफ़सर के हाथों में होगी, जबकि इसकी सख़्त मॉनिटरिंग खुद सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी करेंगे। पुलिस का साफ़ संदेश है अब लापरवाही नहीं, हर कोने पर पैनी नज़र।

ऑपरेशन संकल्प के तहत जिले के तमाम छात्रावासों में काम करने वाले कर्मचारियों का पहले सत्यापन किया जाएगा। चौकीदार हो या कुक, वार्डन हो या सफ़ाईकर्मी हर शख़्स की कुंडली खंगाली जाएगी। इसके साथ ही हॉस्टल के आसपास मंडराने वाले संदिग्ध तत्वों पर भी पुलिस की निगाह टेढ़ी रहेगी, ताकि किसी भी आपराधिक साज़िश को पनपने से पहले ही कुचल दिया जाए।

मामले को लेकर मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि ऑपरेशन संकल्प का मक़सद बच्चों को निर्भीक माहौल देना है, ताकि वे बिना डर ख़ौफ़ के अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे सकें। उन्होंने साफ़ लहजे में कहा कि हाल के दिनों में जिस तरह से आपराधिक गतिविधियों में कुछ लोगों की संलिप्तता सामने आई है, उसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।

एसएसपी ने शहर के तमाम मकान मालिकों को भी सख़्त हिदायत दी है कि वे किराएदार रखने से पहले स्थानीय थाना से उनका सत्यापन ज़रूर कराएं। चेतावनी भरे अंदाज़ में उन्होंने कहा कि अगर बिना सत्यापन के रखे गए किसी किराएदार की किसी आपराधिक वारदात में भूमिका सामने आती है, तो मकान मालिक भी प्रशासनिक कार्रवाई से नहीं बच पाएंगे।

कुल मिलाकर, NEET छात्रा की मौत के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने साफ़ कर दिया है कि अब सुरक्षा में कोई ढील नहीं होगी। ऑपरेशन संकल्प के ज़रिए अपराधियों और लापरवाहों दोनों पर कानून की सख़्त नज़र रहने वाली है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा