मुजफ्फरपुर में निशांत कुमार का होगा भव्य स्वागत: सद्भाव यात्रा के लिए बाल्मीकिनगर जाने के दौरान उमड़ेंगे जदयू कार्यकर्ता

मुजफ्फरपुर में निशांत कुमार का होगा भव्य स्वागत: सद्भाव यात्
निशांत की यात्रा को लेकर बैठक- फोटो : नरोत्तम कुमार

Muzaffarpur : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जदयू नेता निशांत कुमार कल 3 मई से बिहार की यात्रा पर निकल रहे है। उन्होंने अपनी इस यात्रा का नाम सद्भाव यात्रा दिया है, जिसकी शुरुआत पश्चिम चंपारण से करेंगे। उनकी 'सदभाव यात्रा' को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कल रविवार, 3 मई को उनके कांटी आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। कांटी के जदयू विधायक और पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आज शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक कर स्वागत की रूपरेखा तैयार की।


कांटी में जदयू नेता और कार्यकर्ता करेंगे अभिनंदन

विधायक अजीत कुमार ने नगर परिषद अंतर्गत किशुनगर वार्ड-5 स्थित एनएच-27 के समीप आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि निशांत कुमार अपनी सद्भाव यात्रा की शुरुआत करने के लिए पश्चिम चंपारण के बाल्मीकिनगर जा रहे हैं। इसी क्रम में कांटी की धरती पर उनका ऐतिहासिक अभिनंदन किया जाएगा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह है।


तैयारियों का जायजा लेते हुए विधायक ने कहा कि कांटी के किशुनगर एनएच-27 के पास हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे और निशांत कुमार का उत्साहवर्धन करेंगे। जदयू नेताओं का मानना है कि इस यात्रा से राज्य में सामाजिक समरसता और विकास के एजेंडे को नई मजबूती मिलेगी। कार्यकर्ताओं ने स्वागत स्थल पर तोरण द्वार और बैनर-पोस्टर लगाने की जिम्मेदारी भी आपस में साझा की।


निशांत कुमार युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत

इस बैठक में मुख्य रूप से मुख्य पार्षद दिलीप कुमार, पूर्व मुखिया नंदकिशोर सिंह, राजकुमार चौधरी, और रमेश ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि निशांत कुमार युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनके नेतृत्व में संगठन को एक नई ऊर्जा प्राप्त होगी। बैठक में शामिल नेताओं ने यात्रा की सफलता के लिए घर-घर जाकर जनसंपर्क करने का भी संकल्प लिया।


बैठक के दौरान स्थानीय पार्षद संतोष पासवान, मनीष कुमार, रजनीश सिंह उर्फ फौजी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। जदयू कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत के जरिए अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का निर्णय लिया है। निशांत कुमार के दौरे को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी स्थानीय प्रशासन की नजर रहेगी ताकि एनएच-27 पर आवागमन सुचारू बना रहे।


नरोत्तम की रिपोर्ट