Bihar Crime : यूरिया जार में छिपाकर रखी करोड़ों की स्प्रिट उत्पाद विभाग की टीम ने किया जब्त, मौके से तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar Crime : यूरिया जार में छिपाकर रखी करोड़ों की स्प्रिट उत

MUZAFFARPUR : होली के त्योहार से पूर्व शराब की बड़ी खेप खपाने की माफियाओं की साजिश को उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस ने नाकाम कर दिया है। जिले के हथौड़ी और गरहा थाना क्षेत्रों में की गई संयुक्त छापेमारी में लगभग 4,000 लीटर कच्ची स्प्रिट बरामद की गई है। जब्त स्प्रिट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। तस्करों ने पहचान छिपाने के लिए स्प्रिट को यूरिया के जारों में भरकर रखा था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार को गुप्त सूचना मिली कि हथौड़ी थाना क्षेत्र में एक ट्रक से स्प्रिट की बड़ी खेप उतारी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने गरहा चौक पर छापेमारी की। हालांकि, टीम के पहुँचने से पहले ही ट्रक से माल उतारकर ठिकाने लगा दिया गया था, लेकिन मुस्तैद टीम ने मौके से एक टेम्पो को दबोच लिया। इस टेम्पो पर 40 जार स्प्रिट लदी थी। मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर जब उत्पाद विभाग की टीम गरहा थाना क्षेत्र के कफेन गांव पहुंची, तो वहां पहले से ही स्थानीय पुलिस सक्रिय दिखी। उत्पाद विभाग के पहुंचने से पूर्व ही गरहा थाना पुलिस ने गांव में दबिश देकर 131 जार स्प्रिट बरामद कर ली थी। हालांकि, इस दूसरी छापेमारी के दौरान अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहे। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में कुल 171 जार बरामद हुए हैं, जिनमें करीब 4,000 लीटर स्प्रिट है। उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि इस स्प्रिट की मदद से करीब 20,000 लीटर मिलावटी शराब तैयार की जा सकती थी। इतनी भारी मात्रा में स्प्रिट का पकड़ा जाना आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

फिलहाल, गिरफ्तार तस्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे रैकेट के मुख्य सरगना तक पहुँचा जा सके। बरामद स्प्रिट और टेम्पो को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। उत्पाद विभाग और मुजफ्फरपुर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। 

मणिभूषण की रिपोर्ट