नालंदा में प्रभार देने के नाम पर BCO ले रहा था घूस, निगरानी टीम ने रंगेहाथ दबोचा

बिहार में निगरानी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एकबार फिर बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने नालंदा जिले के करायपरसुराय प्रखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए बीसीओ को 28 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.....

नालंदा में प्रभार देने के नाम पर BCO ले रहा था घूस, निगरानी
BCO घूस लेते गिरफ्तार- फोटो : राज

Nalanda : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां निगरानी की टीम ने एकबार फिर एक भ्रष्ट अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जिले के करायपरसुराय प्रखंड में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (BCO) संतोष कुमार को 28 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी सांध पंचायत सहकारी समिति के प्रबंधक को कार्यभार (प्रभार) सौंपने के एवज में पैसों की अवैध मांग कर रहा था। दिनदहाड़े हुई इस गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही करायपरसुराय प्रखंड मुख्यालय और सहकारिता विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।


प्रबंधक का प्रभार देने के लिए 2 साल से टहला रहा था अधिकारी 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सांध पंचायत से जुड़ा हुआ है। सांध गांव निवासी अभिषेक कुमार को नियमानुसार सहकारी समिति के प्रबंधक का कार्यभार सौंपा जाना था। पीड़ित का आरोप है कि आधिकारिक प्रक्रिया पूरी कर प्रभार सौंपने के बजाय बीसीओ संतोष कुमार पिछले करीब दो वर्षों से उन्हें लगातार टाल रहे थे। आखिरकार, प्रभार की कागजी कार्रवाई पूरी करने के एवज में आरोपी बीसीओ द्वारा 28 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।


पीड़ित ने पटना निगरानी से की शिकायत, बिछाया गया जाल 

रिश्वत की मांग से तंग आकर परिवादी अभिषेक कुमार ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुख्यालय में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही निगरानी विभाग ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी अधिकारी को दबोचने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (Trap Team) का गठन किया गया और पूरे मामले की व्यूह रचना तैयार की गई।


केमिकल लगे नोटों के साथ रंगेहाथ दबोचा गया बीसीओ 

पूर्व निर्धारित योजना के तहत बुधवार को परिवादी अभिषेक कुमार बीसीओ संतोष कुमार के पास पहुंचा। जैसे ही परिवादी ने निगरानी टीम द्वारा उपलब्ध कराए गए केमिकल लगे 28 हजार रुपये की राशि बीसीओ को सौंपी, वैसे ही आसपास सादे लिबास में तैनात निगरानी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। ऑन-द-स्पॉट तलाशी लेने पर आरोपी अधिकारी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।


आरोपी को लेकर पटना रवाना हुई टीम, जांच जारी 

कार्रवाई पूरी करने के बाद निगरानी की टीम गिरफ्तार बीसीओ संतोष कुमार को अपने साथ पटना ले गई। पटना स्थित निगरानी थाने में आरोपी अधिकारी से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गहन पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। सहकारिता विभाग में हुई इस अचानक कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।


राज की रिपोर्ट