नालंदा में पहले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का मंत्री जमा खां ने किया उद्घाटन, छात्र-छात्राओँ को मिलेंगी यह सुविधाएं मुफ्त

नालंदा जिले के चकरसलपुर में 56 करोड़ रुपये की लागत से बने अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का बुधवार को मंत्री जमा खां ने उद्घाटन किया। इसके साथ ही इस विद्यालय में पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई....

नालंदा में पहले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का मंत्री जमा खां
अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का मंत्री जमा खां ने किया उद्घाटन- फोटो : राज

Nalanda : अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खां ने बुधवार को जिले के चकरसलपुर में 56 करोड़ रुपये की लागत से बने अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का उद्घाटन किया, जिसके साथ ही वहां पहला शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया। इस उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद कौशलेन्द्र कुमार समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


सभी 38 जिलों में खोले जा रहे हैं ऐसे विद्यालय

मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के सभी 38 जिलों में ऐसे विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से अबतक 25 विद्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं, और नालंदा में यह छठा विद्यालय है जिसका उद्घाटन किया गया है। उन्होंने छात्रों से कड़ी मेहनत कर अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त करने की अपील की।


नालंदा की शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान

सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने कहा कि नालंदा प्राचीन काल से ही शिक्षा और ज्ञान का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने छात्रों से इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की बात कही। साथ ही, बच्चों से आईएएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनने का लक्ष्य लेकर पढ़ाई करने का आग्रह किया।


विद्यालय की क्षमता और सीटों का निर्धारण

लगभग तीन एकड़ जमीन में निर्मित इस विद्यालय में कुल 560 बच्चों के रहने तथा पढ़ने की उत्तम व्यवस्था की गई है। इनमें 280 सीटें छात्राओं के लिए और 280 सीटें छात्रों के लिए आरक्षित हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए 75 प्रतिशत सीटें निर्धारित की गई हैं। यहां मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन और पारसी समुदाय के बच्चे दाखिला ले सकेंगे।


मुफ्त सुविधाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग

इस विद्यालय में नौवीं कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई होगी, तथा 11वीं कक्षा के लिए विज्ञान एवं कला संकाय की व्यवस्था की गई है। यहां अध्ययनरत बच्चों को आवास, भोजन, कपड़े, किताबें और दवाइयां जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क मिलेंगी। इसके अलावा, मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।


राज की रिपोर्ट