Bihar News : रुपयों के लिए रिश्तों का कत्ल ! 25 लाख रुपये के विवाद में पत्नी ने की पति की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
Bihar News : नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के अंबानगर मोहल्ले में रुपये के विवाद को लेकर पत्नी द्वारा पति की लाठी-डंडों से पिटाई कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.......पढ़िए आगे
NALANDA : नालंदा में रुपये के विवाद में रिश्तों के कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नूरसराय थाना क्षेत्र के अंबानगर मोहल्ले में पत्नी पर सहयोगियों के साथ मिलकर पति की लाठी-डंडों से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से जख्मी 45 वर्षीय राजेश कुमार की शुक्रवार की देर रात पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। पति की मौत की खबर मिलते ही आरोपित पत्नी घर छोड़कर फरार हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि करीब 25 लाख रुपये मिलने के बाद से ही पति-पत्नी के बीच इस रकम को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने शुक्रवार की शाम हिंसक रूप ले लिया और मारपीट में युवक की जान चली गई।परिवार के सदस्यों के अनुसार, युवक को हाल ही में करीब 25 लाख रुपये मिले थे। इस रकम को लेकर पत्नी लगातार उससे रुपये की मांग कर रही थी। पति को आशंका थी कि पत्नी रुपये लेकर अपने मायके वालों को दे देगी और उसके साथ नहीं रहेगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। परिजनों ने बताया कि पत्नी और बेटी पहले से ही उसे छोड़कर दूसरी जगह रह रही थीं। 25 लाख रुपये मिलने की जानकारी होने के बाद रुपये को लेकर दबाव और बढ़ गया था।
मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर बढ़ा विवाद
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार की शाम भी रुपये को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस दौरान पत्नी के मायके पक्ष के कुछ लोग भी गांव पहुंच गए। इसके बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि पत्नी ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पति की पिटाई कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मारपीट की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया। शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गोलीबारी के आरोप में ढाई महीने जेल में रहा था युवक
परिजनों ने बताया कि युवक गोलीबारी के एक मामले में आरोपित था। इस मामले में वह करीब ढाई महीने तक जेल में रहा था। बेल पर रिहा होने के बाद गांव लौटा था। इसके बाद से ही मिले 25 लाख रुपये को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों ने आशंका जताई है कि रुपये के लालच में ही पत्नी ने सहयोगियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पत्नी की गिरफ्तारी के बाद खुलेगा राज
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह परिवार वालों ने घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल आरोपित पत्नी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पत्नी की गिरफ्तारी के बाद घटना में शामिल अन्य लोगों और विवाद के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
राज की रिपोर्ट