मेरे पिता का ड्रीम प्रोजेक्ट है नीतीश सेतु, पीएम मोदी के मंच पर खूब गरजे निशांत

उन्होंने कहा, यह पुल हमारे नेता एवं पिता नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। ऐसे में उनके नाम पर इस पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ रखना बिहार के विकास में उनके 20 वर्षों के परिश्रम को सम्मान है।

Nishant Kumar
Nishant Kumar- फोटो : news4nation

Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ‘नीतीश सेतु’ के लोकार्पण किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नीतीश सेतु को बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि  प्रधानमंत्री मोदी के हाथों इस कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल का लोकार्पण बिहार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।


उन्होंने कहा, यह पुल हमारे नेता एवं पिता नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। ऐसे में उनके नाम पर इस पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ रखना बिहार के विकास में उनके 20 वर्षों के परिश्रम को सम्मान है। इसके लिए मैं  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में प्रारंभ से ही पुल–पुलियों एवं सड़कों के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने बिहार के शहरी क्षेत्रों से लेकर गांवों तक में सड़कों का जाल बिछाने का काम किया।


निशांत ने कहा,  मुझे उम्मीद है कि यह पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच विकास सेतु साबित होगा। क्षेत्र में उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कारोबार एवं रोजगार के नए अवसरों का सूत्रधार साबित होगा। इस दूरदर्शी परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए मैं अपने नेता नीतीश कुमार का भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आज बिहार बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत आधारभूत संरचना एवं अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकास और समृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त कर रहा है। यह पुल इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है।


उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से पटना और वैशाली के बीच दूरी और आवागमन की कठिनाइयां कम होंगी। अब किसानों के लिए अपनी फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे केवल एक पुल नहीं, बल्कि बिहार के लोगों के जीवन को आसान बनाने वाला विकास का माध्यम बताया।


करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना 19.7 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होगा और महात्मा गांधी सेतु तथा जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।