Bihar News: नवादा में ट्रक से गिरकर युवक की मौत, बेटी की शादी की तैयारी कर रहा था, परिवार में मचा कोहराम
Bihar News: बिहार के नवादा में ट्रक से गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। युवक अपनी बेटी की शादी की तैयार कर रहा था वहीं अचानक उनकी मौत होने से परिवार में हड़कंप मच गया।
Bihar News: बिहार के नवादा में भीषण हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी अनुसार सोमवार देर रात ट्रक से सामान उतारने के दौरान एक युवक की गिरकर मौत हो गई। मृतक अपनी बेटी की शादी की तैयारी में जुटा हुआ था। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
युवक की दर्दनाक मौत
मृतक की पहचान पकरीबरावां प्रखंड के राजे बीघा गांव निवासी पीतांबर यादव के 40 वर्षीय पुत्र साधु यादव उर्फ रविंद्र यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार साधु यादव अपनी बेटी के लिए अच्छा रिश्ता तलाश रहे थे और शादी की तैयारियों में जुटे थे। जानकारी के मुताबिक साधु यादव कुंज गांव में एक ट्रक पर काम कर रहे थे। सोमवार रात सामान उतारने के दौरान ट्रक के आगे-पीछे होने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान साधु यादव उर्फ रविंद्र यादव ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक की बेटी, पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
जांच में जुटी पुलिस
परिजन दीपक कुमार ने बताया कि साधु यादव परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट