Bihar News: पुरानी दुश्मनी में गोलीबारी, बदमाशों ने युवक को बीच सड़क पर ठोका, मचा हड़कंप

Bihar News: बिहार के नवादा में पुरानी दुश्मनी में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है दुकान बंद कर घर जा रहे युवक को बीच सड़क पर बदमाशों ने ठोक दिया। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

गोलीबारी
पुरानी दुश्मनी में गोलीबारी - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पुरानी दुश्मनी में घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है। 

बीच सड़क पर मारी गोली 

दरअसल, पूरा मामला नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड स्थित फतेहपुर का है। जहां एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। यह घटना अशोक पेट्रोल पंप के पास हुई। घायल युवक की पहचान रामविलास प्रसाद के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दुकान बंद कर जा रहा था घर 

राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह फतेहपुर में अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर गया और हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल राहुल के अनुसार, उसकी दुकान से कुछ दूरी पर स्थित एक अन्य दुकानदार से उसकी पुरानी दुश्मनी चल रही है। उसने आशंका जताई कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया है, क्योंकि उसे पहले भी धमकी मिली थी।

पुरानी दुश्मनी में गोलीबारी 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, एसडीपीओ गुलशन कुमार और थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बारीकी से मामले की जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में दो हमलावरों की बात सामने आई है। उन्होंने पुष्टि की कि घायल युवक अब खतरे से बाहर है। पुलिस पुरानी दुश्मनी के एंगल से मामले की आगे की जांच कर रही है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट